कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के घर पर हमला
नारनौल में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के पुश्तैनी घर पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला किया। CCTV काटकर घर में घुसने की कोशिश की गई, लेकिन स्टाफ की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित घर पर हमला
• हथियारबंद बदमाशों ने CCTV तार काटकर ताले तोड़े
• स्टाफ के शोर मचाने पर बदमाश मौके से फरार हुए
महेंद्रगढ़ के नारनौल में हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री राव नरेंद्र सिंह के पुश्तैनी आवास पर हथियारबंद बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के समय घर में परिवार के सदस्य सो रहे थे। स्टाफ की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार यह वारदात 15 और 16 मई की रात करीब 3 बजे की है। बदमाश महेंद्रगढ़ रोड स्थित पॉवर हाउस के सामने शिव कॉलोनी में बने पुश्तैनी मकान में पीछे की तरफ से दाखिल हुए।
परिवार के मुताबिक 4 से 5 हथियारबंद बदमाश पहले पास वाले प्लॉट की दीवार फांदकर घर में घुसे। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को निष्क्रिय करने के लिए CCTV कैमरों के तार काट दिए।
आरोप है कि बदमाशों ने सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे कर्मचारियों के कमरों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई विरोध न कर सके। इसके बाद उन्होंने मुख्य पिछले दरवाजे का ताला कटर से काट दिया और कुंडी भी तोड़ दी।
इसी दौरान सर्वेंट क्वार्टर में मौजूद स्टाफ की आंख खुल गई। कर्मचारियों ने खिड़की से बाहर देखा तो बदमाशों के हाथों में हथियार दिखाई दिए। स्टाफ द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से दीवार फांदकर फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार की ओर से रात करीब 3:20 बजे डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कटे हुए ताले, जूतों के निशान और CCTV के कटे तार कब्जे में लिए।
राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि परिवार की किसी से निजी दुश्मनी नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रदेश में सक्रिय आपराधिक गिरोहों और माफिया के खिलाफ आवाज उठाने के कारण यह हमला किया गया हो सकता है।
उन्होंने कहा कि राव नरेंद्र सिंह लगातार प्रदेश में सक्रिय अपराधी गिरोहों, माइनिंग माफिया, शराब माफिया और ड्रग्स सिंडिकेट के खिलाफ मुखर रहे हैं। इसी वजह से परिवार को निशाना बनाने की कोशिश की गई।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
pooja