हरियाणा में दिनदहाड़े दुकान पर हमला,5 लाख की डिमांड के बाद हमला

नारनौल के नया बाजार में रेडीमेड व्यापारी पर 8-10 युवकों ने हमला कर मारपीट और तोड़फोड़ की। परिवार ने 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है।

हरियाणा में दिनदहाड़े दुकान पर हमला,5 लाख की डिमांड के बाद हमला

नारनौल में दिनदहाड़े रेडीमेड दुकान पर हमला

8-10 युवकों ने दुकानदार को पीटकर की तोड़फोड़

पीड़ित परिवार का दावा- 5 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल शहर में दिनदहाड़े एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर हमला कर व्यापारियों में दहशत फैल गई। नया बाजार स्थित बंसल रेडीमेड दुकान पर सुबह करीब 11 बजे 8 से 10 युवक लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और दुकान में घुसकर जमकर मारपीट व तोड़फोड़ की। इस घटना में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार श्याम कॉलोनी निवासी नंद किशोर बंसल की नया बाजार में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। सुबह करीब 10 बजे दुकान खुली थी। लगभग एक घंटे बाद 8 से 10 युवक हथियारनुमा डंडों के साथ दुकान में घुस आए। उस समय दुकान पर नंद किशोर का बेटा निखिल बंसल मौजूद था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने आते ही निखिल के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसे दुकान से बाहर खींच लिया और बाजार में ही पीटना शुरू कर दिया। हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने डायल-112 पर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।

पीड़ित के भाई अंश बंसल ने दावा किया कि करीब 5 से 6 दिन पहले कुछ युवकों ने निखिल से 5 लाख रुपए की मांग की थी। रुपए नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। परिवार को आशंका है कि उसी विवाद के चलते हमला किया गया है।

पुलिस ने घायल निखिल को उपचार के लिए नारनौल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय दुकानदार मौके पर पहुंच गए। हालात को देखते हुए दुकान बंद कर दी गई और बाजार क्षेत्र में पुलिस तैनात कर दी गई।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बाजार के माहौल को प्रभावित करती हैं और दुकानदारों में भय पैदा करती हैं। व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत प्राप्त हो गई है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।