नहर में डूबने से दो दोस्तों की मौ*त

महेंद्रगढ़ में पाथेडा नहर से दो दोस्तों के शव बरामद हुए। दोनों रविवार शाम खेत गए थे और सोमवार सुबह नहर में मृत मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नहर में डूबने से दो दोस्तों की मौ*त

महेंद्रगढ़ में नहर में डूबने से दो दोस्तों की मौत

रविवार शाम खेत गए थे, सोमवार सुबह नहर में मिले शव

दोनों शादीशुदा थे और मजदूरी कर परिवार चला रहे थे

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की नहर में डूबने से मौत हो गई। दोनों रविवार शाम अपने खेत की ओर गए थे, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटे। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने उनके शव नहर में पड़े देखे, जिसके बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना पाथेडा नहर के धरौनंदा पुल के पास की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

गांव पाथेडा निवासी वीरेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका 34 वर्षीय भाई हेमराज और उसका दोस्त रविंद्र उर्फ बजरंग रविवार शाम खेत में गए थे। देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

सोमवार सुबह ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि दोनों के शव पाथेडा नहर में दिखाई दिए हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वहां रविंद्र के कपड़े और चप्पल नहर किनारे पड़े मिले, जबकि हेमराज अपने कपड़ों सहित नहर में डूबा मिला।

प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत नहर में डूबने से होना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया है कि दोनों मृतक शादीशुदा थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविंद्र के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। उसके पिता का करीब 20 से 25 साल पहले निधन हो चुका था।

वहीं, हेमराज अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है। दोनों परिवारों पर इस हादसे के बाद दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।