रेवाड़ी के खेत में मिली खून से सनी थार, ड्राइवर फरार बिना नंबर प्लेट की थार ने बढ़ाया रहस्य, पुलिस जांच में जु
रेवाड़ी के गंगायचा जाट गांव में खेत से बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी बरामद हुई है, जिस पर खून के निशान और टूटे शीशे मिले हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
■ रेवाड़ी के खेत में बिना नंबर प्लेट की थार बरामद
■ गाड़ी पर खून के निशान और टूटे शीशों से बढ़ा रहस्य
■ ड्राइवर फरार, पुलिस सीसीटीवी और सैंपल से जांच में जुटी
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में उस वक्त सनसनी फैल गई जब रोहतक हाईवे के पास गांव गंगायचा जाट के एक खेत में बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा थार गाड़ी संदिग्ध हालात में मिली। गाड़ी के शीशे पूरी तरह टूटे हुए थे और उस पर खून के निशान साफ दिखाई दे रहे थे, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। सुबह खेतों में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने जब यह दृश्य देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी का ड्राइवर किसी घटना से बचने के प्रयास में तेज रफ्तार से खेत में घुस गया। इस दौरान थार ने खेत की तार वाली फेंसिंग को तोड़ दिया और अंदर जाकर धंस गई। इसके बाद ड्राइवर गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घटना की परिस्थितियां काफी संदिग्ध हैं और यह मामला किसी दुर्घटना, झगड़े या आपराधिक वारदात से जुड़ा हो सकता है।सूचना मिलते ही रेवाड़ी सदर थाना और रोहड़ाई थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार गाड़ी का मालिक गुरुग्राम के खलीलपुर का रहने वाला बताया जा रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था।
सदर थाना के एसएचओ राजेंद्र ने बताया कि अभी तक कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने गाड़ी से फिंगरप्रिंट, खून के सैंपल और अन्य साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि गाड़ी की मूवमेंट और घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।यह घटना रेवाड़ी-रोहतक हाईवे के पास होने के कारण सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर रही है। पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ तेज कर दी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस रहस्यमयी घटना का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, खून के निशान और बिना नंबर प्लेट की गाड़ी ने पूरे मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है।
shubham