हरियाणा में पटवारी 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
रेवाड़ी के कोसली में एसीबी ने जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले पटवारी को 4 हजार रुपए लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
रेवाड़ी में पटवारी 4 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के लिए मांगे थे 10 हजार
एसीबी की ट्रैप कार्रवाई से तहसील कार्यालय में मचा हड़कंप
हरियाणा के रेवाड़ी जिले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसली तहसील में तैनात एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पारिवारिक जमीन का रिकॉर्ड ठीक करने और इंतकाल दर्ज करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव टुमना निवासी आनंद ने एसीबी को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि वह अपनी पारिवारिक जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त कराने और इंतकाल दर्ज कराने के लिए पटवारी पुनीत कुमार के संपर्क में आया था। कई दिनों तक तहसील के चक्कर लगाने के बावजूद उसका काम नहीं हुआ।
पीड़ित का आरोप है कि पटवारी ने काम करने के बदले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में बातचीत के बाद 9 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता पहले ही 5 हजार रुपए दे चुका था, जबकि शेष 4 हजार रुपए देने थे।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। शिकायतकर्ता को चिन्हित नोट देकर गुरुवार को तहसील कार्यालय भेजा गया।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पटवारी को 4 हजार रुपए दिए, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी पुनीत कुमार ने हाल ही में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद पटवारी के रूप में ड्यूटी जॉइन की थी। नौकरी मिलने के बाद ही उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। बताया जा रहा है कि उसने फ्री कोचिंग की मदद से परीक्षा पास कर पटवारी की नौकरी हासिल की थी और वह अक्सर साइकिल से ड्यूटी पर जाता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी का परिवार साधारण जीवन जीता है। उसके पिता बीमार रहते हैं, जबकि उसकी मां मूक-बधिर हैं। ऐसे में रिश्वत लेते हुए गिरफ्तारी की खबर से आसपास के लोग भी हैरान हैं। फिलहाल एसीबी मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
pooja