हरियाणा में स्कूटी फिसलने से बी-फार्मेसी छात्र की दर्दनाक मौ*त,सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक हा*दसा
रेवाड़ी में झज्जर रोड फ्लाईओवर के पास स्कूटी फिसलने से बी-फार्मेसी छात्र मयंक सोनी की मौत हो गई। हादसा सीसीटीवी में कैद हुआ, पुलिस ने कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
रेवाड़ी में स्कूटी फिसलने से बी-फार्मेसी छात्र की दर्दनाक मौत
डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से सिर टकराने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा, शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी के बेटे की मौत से शोक
हरियाणा के रेवाड़ी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय बी-फार्मेसी छात्र की मौत हो गई। शहर के प्रतिष्ठित टेंट कारोबारी नवनीत सोनी के बड़े बेटे मयंक सोनी की स्कूटी झज्जर रोड फ्लाईओवर के पास अचानक फिसल गई। हादसे में उसका सिर डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी के फिसलने और खंभे से टकराने का पूरा घटनाक्रम कैद हुआ है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया, जबकि अस्पताल में बड़ी संख्या में व्यापारी, रिश्तेदार और परिचित पहुंच गए।
शहर के प्रतिष्ठित कारोबारी का बेटा था मयंक
मृतक मयंक सोनी शहर के भजन का बाग निवासी टेंट कारोबारी नवनीत सोनी का बड़ा बेटा था। नवनीत सोनी शहर के जाने-माने व्यवसायी होने के साथ श्री श्याम दीवाना मंडल के संरक्षक भी हैं और कई सामाजिक एवं व्यापारी संगठनों से जुड़े हुए हैं।
मयंक गुरुग्राम स्थित एसजीटी यूनिवर्सिटी में बी-फार्मेसी प्रथम वर्ष का छात्र था। परिवार में उसके छोटे भाई वंश सहित माता-पिता हैं।
गोदाम से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे मयंक अपनी स्कूटी से झज्जर रोड स्थित टेंट के गोदाम गया था। काम पूरा करने के बाद वह घर लौट रहा था। गोदाम से करीब 100 मीटर आगे झज्जर रोड फ्लाईओवर के पास उसकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई।
स्कूटी सीधे डिवाइडर पर लगे लोहे के बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मयंक को सिविल अस्पताल पहुंचाया। साथ ही पुलिस और परिजनों को भी सूचना दी गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवा छात्र की मौत की खबर शहर में फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे शहर में शोक का माहौल बन गया।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में एक स्कूटी डिवाइडर के पास आती दिखाई देती है। कुछ ही सेकेंड बाद स्कूटी फिसलकर डिवाइडर के खंभे से टकरा जाती है।
टक्कर के बाद मयंक सड़क पर पीछे की ओर गिर जाता है, जबकि स्कूटी आगे निकल जाती है। इसके कुछ देर बाद एक कार चालक मौके पर पहुंचता दिखाई देता है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया गया कि कुछ दिन पहले ही 4 जुलाई को परिवार पानीपत में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होकर लौटा था। अब इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
pooja