दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा पुलिस ने चेकिंग में ₹1 करोड़ कैश पकड़ा, चार हिरासत में

दिल्ली ब्लास्ट के बाद रोहतक पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए झज्जर रोड पर स्विफ्ट कार से 1 करोड़ रुपये कैश बरामद किया। चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

दिल्ली धमाके के बाद हरियाणा पुलिस ने चेकिंग में ₹1 करोड़ कैश पकड़ा, चार हिरासत में

• रोहतक में पुलिस ने स्विफ्ट कार से बरामद किए 1 करोड़ रुपये नकद
• चार युवक हिरासत में, दो के बैग में मिली 500-500 के नोटों की गड्डियां
• दिल्ली ब्लास्ट के बाद हरियाणा पुलिस ने बढ़ाई चेकिंग, इनकम टैक्स को दी सूचना


रोहतक। दिल्ली में हुए कार ब्लास्ट के बाद हरियाणा पुलिस अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को इसी सतर्कता के दौरान रोहतक पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से एक करोड़ रुपये कैश बरामद किया। गाड़ी में चार युवक सवार थे जो झज्जर की ओर से आ रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान कार को जलेबी चौक पुल के नीचे रोका गया। शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान पुलिस सभी वाहनों की तलाशी ले रही थी। इसी बीच पुलिस को एक सफेद स्विफ्ट गाड़ी संदिग्ध नजर आई।

रोहतक में इसी स्विफ्ट गाड़ी से मिले एक करोड़ रुपए।

ड्राइवर पुलिस को देखकर जल्दीबाजी में गाड़ी निकालने लगा, जिससे शक गहराया। पुलिस ने तुरंत गाड़ी को रोका और जांच शुरू की। गाड़ी में बैठे चारों युवकों की तलाशी ली गई। गाड़ी में तो कुछ नहीं मिला, लेकिन पीछे बैठे दो युवकों के बैग से 500 और 200 के नोटों की गड्डियां बरामद हुईं।

नकदी की गिनती करने पर रकम करीब 1 करोड़ रुपये पाई गई। पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसएचओ ने बताया कि अदालत के आदेश पर रकम को रोहतक ट्रेजरी में जमा करवाया गया है।

मामले की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है ताकि रकम के स्रोत और उपयोग की जांच की जा सके। पुलिस का कहना है कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद प्रदेश में संदिग्ध गतिविधियों और अवैध धन के मूवमेंट पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।