प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की ला*श 4 दिन बाद जेएलएन नहर से बरामद, 20 गोलियों के खोल मिले; रंजिशन हत्‍या

रोहतक के प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या मामले में चार दिन बाद जेएलएन नहर से शव बरामद हुआ। SIT ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 हथियार जब्त किए। रंजिश में हत्या का खुलासा।

प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की ला*श 4 दिन बाद जेएलएन नहर से बरामद, 20 गोलियों के खोल मिले;  रंजिशन हत्‍या

■ खरावड़ में गोलियों से छलनी ब्रेजा मिली, 20 से ज्यादा खोल बरामद
■ SIT ने दो आरोपियों को पकड़ा, 5 हथियार जब्त; रंजिश में हत्या कबूल
■ काला राठी गैंग के दावे से पुलिस का इनकार, बोली- दहशत फैलाने की कोशिश



हरियाणा के रोहतक निवासी प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। 20 फरवरी को खरावड़ गांव में उनकी ब्रेजा कार लावारिस हालत में खड़ी मिली थी, जिस पर अंधाधुंध फायरिंग के निशान थे और मौके से 20 से अधिक गोलियों के खोल बरामद हुए थे। कार के अंदर और बाहर खून के धब्बे पाए गए, लेकिन सत्यवान लापता थे। चार दिन की तलाश के बाद पुलिस ने उनकी डेडबॉडी जेएलएन नहर से बरामद कर ली। यह बरामदगी पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हुई।

एसपी सुरेंद्र भौरिया के मुताबिक 20 फरवरी को दोपहर सूचना मिली कि एक ब्रेजा कार गांव के पास कच्चे रास्ते पर झाड़ियों के निकट खड़ी है। जांच में कार सत्यवान निवासी गांव खेड़ी साध की निकली। परिवार ने बताया कि वह सुबह कार लेकर भाई को छोड़ने खरखौदा गए थे। वाहन पर कई गोलियों के निशान और शीशे टूटे मिले। हालात को देखते हुए SIT का गठन किया गया। एफएसएल टीम, जिनमें डॉ. सरोज दहिया भी शामिल थीं, ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान SIT ने दो युवकों को गिरफ्तार किया—मंजीत उर्फ माफिया निवासी बापोड़ा, भिवानी और मनीष निवासी भाली। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 हथियार बरामद किए। पूछताछ में दोनों ने सत्यवान की हत्या कर शव को जेएलएन नहर के पास फेंकने की बात कबूल की। आरोपियों की निशानदेही पर नहर से शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार यह पुरानी रंजिश का मामला है। सत्यवान वर्ष 2018 के एक हत्या प्रकरण में आरोपी रहे थे और मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण वह जमानत पर बाहर थे।

इस बीच सोशल मीडिया पर काला राठी गैंग के नाम से एक पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। एसपी भौरिया ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस हत्याकांड से उक्त गैंग का कोई लिंक नहीं मिला है। ऐसे पोस्ट दहशत फैलाने के लिए डाले जाते हैं। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा।

घटनास्थल पर कार के अंदर ड्राइविंग सीट पर खून और बाहर सड़क पर भी रक्त के निशान मिले थे, जिससे आशंका थी कि हमलावर वारदात के बाद शव अपने साथ ले गए। आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले गए। परिजनों, विशेषकर सत्यवान की मां धनपति, ने प्रशासन से बेटे का पता लगाने की गुहार लगाई थी। अब शव मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।