मार्केट में ब्लास्ट़, रेस्टोरेंट में आग, मची अफरा-तफरी
रोहतक के सेक्टर 3-4 मार्केट स्थित रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। सिलेंडर ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट की आशंका के बीच फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
➤ सेक्टर 3-4 मार्केट के रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग
➤ एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट और शॉर्ट सर्किट की आशंका
➤ डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
रोहतक के सेक्टर 3 और 4 स्थित मार्केट में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक रेस्टोरेंट के टॉप फ्लोर पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इसकी लपटें दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं। घटना के दौरान कई एलपीजी सिलेंडरों में ब्लास्ट होने की भी सूचना है, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट की किचन में मौजूद एलपीजी सिलेंडरों तक आग पहुंचने के बाद विस्फोट हुए, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और करीब डेढ़ से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहे।
घटना के बाद पूरी मार्केट को एहतियातन खाली करा लिया गया। आग और धुएं के कारण आसपास के व्यापारियों और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंचे रोहतक के अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि मार्केट के टॉप फ्लोर पर बने रेस्टोरेंट की किचन में सिलेंडर ब्लास्ट होने के कारण आग लगी थी। प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
वहीं रेस्टोरेंट संचालक सूबे सिंह राणा ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, लेकिन राहत की बात यह है कि कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ। फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिलेंडर ब्लास्ट की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
Akhil Mahajan