सलमान खान के पिता दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान अस्पताल में भर्ती, तबीयत नाजुक
दिग्गज स्क्रीनराइटर सलीम खान की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। सलमान खान और अलवीरा पिता से मिलने पहुंचे, परिवार की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार।
➤ 90 वर्षीय सलीम खान लीलावती अस्पताल में एडमिट
➤ पिता को देखने पहुंचे सलमान खान, मीडिया से नहीं की बातचीत
➤ अलवीरा भी अस्पताल पहुंचीं, परिवार की ओर से आधिकारिक बयान नहीं
मुंबई से बड़ी खबर सामने आई है। हिंदी सिनेमा के दिग्गज स्क्रीनराइटर और सुपरस्टार सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 90 वर्षीय सलीम खान की सेहत को लेकर फिलहाल परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर से फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में चिंता की लहर दौड़ गई है।
अस्पताल परिसर में सलमान खान को देखा गया, जो पिता का हालचाल जानने पहुंचे थे। इस दौरान सलमान ब्लैक टी-शर्ट और कैप में नजर आए। वह मीडिया से बिना बातचीत किए सीधे अस्पताल के अंदर गए और कुछ देर बाद गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए। उनके चेहरे पर चिंता साफ झलक रही थी।
सलमान की बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री भी पिता को देखने अस्पताल पहुंचीं। वह जल्दबाजी में नजर आईं और मास्क लगाए सीधे अंदर चली गईं। परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक डॉक्टरों की निगरानी में सलीम खान का इलाज जारी है।
सलीम खान हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे प्रभावशाली लेखकों में गिने जाते हैं। उनकी जोड़ी जावेद अख्तर के साथ ‘सलीम-जावेद’ के नाम से मशहूर रही। इस जोड़ी ने हिंदी सिनेमा को कई यादगार और ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं। शोले, दीवार, जंजीर और डॉन जैसी फिल्मों की कहानी और पटकथा ने भारतीय सिनेमा को नई दिशा दी। खास तौर पर अमिताभ बच्चन का ‘एंग्री यंग मैन’ किरदार गढ़ने का श्रेय भी इसी जोड़ी को जाता है।
निजी जीवन की बात करें तो सलीम खान ने दो शादियां कीं। पहली शादी सुशीला चरक से हुई, जिनसे उन्हें चार संतानें हैं—सलमान, अरबाज, सोहेल और अलवीरा। बाद में उन्होंने अभिनेत्री हेलेन से विवाह किया और अर्पिता खान को गोद लिया। उनका परिवार आज भी आपसी सौहार्द और एकजुटता के लिए जाना जाता है।
फिलहाल सलीम खान की सेहत को लेकर फैंस दुआ कर रहे हैं और परिवार की ओर से आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है।
Akhil Mahajan