समय रैना पर भड़के मुकेश खन्ना, ‘शक्तिमान’ पर बयान से विवाद
समय रैना के बयान पर मुकेश खन्ना भड़क गए हैं। ‘शक्तिमान’ को लेकर की गई टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद तेज हो गया है।
■ समय रैना पर भड़के मुकेश खन्ना, विवाद बढ़ा
■ ‘शक्तिमान’ को लेकर टिप्पणी पर जताई नाराजगी
■ सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया, बयान से मचा बवाल
कॉमेडियन समय रैना और अभिनेता मुकेश खन्ना के बीच विवाद अब खुलकर सामने आ गया है। ‘शक्तिमान’ जैसे लोकप्रिय किरदार को लेकर की गई टिप्पणी पर मुकेश खन्ना ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिससे मामला और गरमा गया है।
मुकेश खन्ना ने इंस्टाग्राम पर एक एडिटेड तस्वीर साझा की, जिसमें समय रैना को गधे पर बैठे दिखाया गया था। इस पोस्ट के साथ उन्होंने बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि समय रैना ने बच्चों के सुपरहीरो शक्तिमान का अपमान किया है। उन्होंने यह भी लिखा कि ऐसे व्यवहार के लिए सख्त सामाजिक प्रतिक्रिया होनी चाहिए।
दरअसल, यह विवाद समय रैना के एक वीडियो ‘स्टिल आईलव’ के बाद शुरू हुआ, जिसमें उन्होंने 2025 के ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद पर बोलते हुए ‘शक्तिमान’ और मुकेश खन्ना का जिक्र किया था। अपने बयान में उन्होंने पुराने समय में बच्चों पर टीवी कंटेंट के असर को लेकर तंज कसा, जिसे लेकर मुकेश खन्ना नाराज हो गए।
मुकेश खन्ना का कहना है कि ‘शक्तिमान’ बच्चों के लिए प्रेरणादायक किरदार रहा है और इस तरह की टिप्पणी से उसकी छवि को नुकसान पहुंचता है। वहीं, समय रैना के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है, जहां कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बता रहे हैं तो कुछ इसे मर्यादा के खिलाफ मान रहे हैं।
यह पहली बार नहीं है जब किसी कॉमेडियन के बयान पर विवाद हुआ हो, लेकिन इस बार मामला सीधे एक आइकॉनिक किरदार से जुड़ने के कारण ज्यादा चर्चा में है। आने वाले समय में यह विवाद और बढ़ सकता है, खासकर अगर दोनों पक्षों की ओर से और बयान सामने आते हैं।
shubham