सपना चौधरी ने ससुराल छोड़ा, कोर्ट ने वीर साहू के संपर्क पर लगाई रोक
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पति वीर साहू पर घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोप लगाए हैं। कोर्ट ने अगली सुनवाई तक वीर साहू के संपर्क पर रोक लगा दी है।
➤ घरेलू हिंसा के आरोपों के बीच सपना चौधरी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
➤ द्वारका महिला कोर्ट ने वीर साहू को संपर्क करने और परेशान करने से रोका
➤ विवाद के बाद सपना चौधरी फिलहाल अपने मायके में रह रही हैं
हरियाणवी डांसर, सिंगर और अभिनेत्री सपना चौधरी की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। सपना ने अपने पति वीर साहू के खिलाफ घरेलू हिंसा और मारपीट के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दायर की है। मामले की शुरुआती सुनवाई के बाद अदालत ने सपना को अंतरिम राहत प्रदान करते हुए वीर साहू के संपर्क पर रोक लगा दी है।
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि अगली सुनवाई तक वीर साहू किसी भी माध्यम से सपना चौधरी से संपर्क नहीं करेंगे। उन्हें सपना के घर, कार्यस्थल या उनके आसपास जाने से भी प्रतिबंधित किया गया है। साथ ही अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की घरेलू हिंसा या उत्पीड़न की घटना नहीं होनी चाहिए।
सपना चौधरी की ओर से अदालत में वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को निर्धारित की गई है। कोर्ट ने संबंधित प्रोटेक्शन ऑफिसर और स्थानीय थाना प्रभारी को भी आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
विवाद के बाद सपना चौधरी ने अपना ससुराल छोड़ दिया है। फिलहाल वह दिल्ली के नजफगढ़ स्थित अपने मायके में रह रही हैं। बताया जा रहा है कि वैवाहिक विवाद लंबे समय से चल रहा था और हालात बिगड़ने के बाद उन्होंने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया।
सपना चौधरी की ओर से पेश अधिवक्ता प्रीति सिंह ने अदालत में कहा कि सपना की फिल्म ‘मोमाकू’ जल्द रिलीज होने वाली है और उसका प्रीमियर भी प्रस्तावित है। ऐसे में उन्हें सुरक्षा की आवश्यकता है। आशंका जताई गई कि वीर साहू किसी सार्वजनिक कार्यक्रम या फिल्म प्रीमियर के दौरान पहुंचकर व्यवधान पैदा कर सकते हैं, जिससे सपना की सुरक्षा और पेशेवर गतिविधियों पर असर पड़ सकता है।
न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अंतरिम सुरक्षा आदेश जारी किए हैं। अदालत ने फिलहाल सपना चौधरी को संरक्षण देते हुए स्थिति को यथावत बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
सपना चौधरी हरियाणा की सबसे लोकप्रिय कलाकारों में गिनी जाती हैं। उन्हें "देसी क्वीन" के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने रागनी कार्यक्रमों और स्टेज शो से अपने करियर की शुरुआत की थी। बाद में हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश में उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी।
साल 2017 में बिग बॉस-11 में हिस्सा लेने के बाद उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा और कई फिल्मों तथा म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में काम किया। सपना चौधरी और वीर साहू ने जनवरी 2020 में प्रेम विवाह किया था। दोनों के दो बेटे हैं।
Akhil Mahajan