सपना चौधरी की मां का निधन
हरियाणा की मशहूर डांसर और सिंगर सपना चौधरी की मां नीलम चौधरी का लीवर की गंभीर बीमारी से निधन हो गया। दिल्ली के अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार को नजफगढ़ श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
➤ हरियाणा की मशहूर डांसर और सिंगर सपना चौधरी की मां नीलम चौधरी का बीमारी के चलते निधन
➤ नीलम चौधरी लंबे समय से लीवर संबंधी समस्याओं से जूझ रही थीं, दिल्ली के निजी अस्पताल में हुईं थीं भर्ती
➤ बुधवार को नजफगढ़ श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, परिवार और करीबी सदस्य रहे मौजूद
हरियाणा की मशहूर डांसर और सिंगर सपना चौधरी की मां नीलम चौधरी का मंगलवार देर रात निधन हो गया। नीलम चौधरी पिछले कई दिनों से पीलिया और लीवर संबंधी गंभीर बीमारी से पीड़ित थीं और दिल्ली के द्वारका स्थित एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए थे और लीवर ट्रांसप्लांट की संभावना पर भी विचार किया जा रहा था, लेकिन संक्रमण बढ़ने के कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई और मंगलवार रात करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
बुधवार को नीलम चौधरी का नजफगढ़ श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सपना चौधरी, उनके पति वीर साहू और परिवार के अन्य करीबी सदस्य मौजूद रहे। मां के निधन से दुखी सपना ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल फोटो ब्लैक कर दी है और कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है।
नीलम चौधरी अपनी बेटी सपना के संघर्ष के दिनों में हमेशा उनकी ढाल बनी रहीं। सपना ने एक इंटरव्यू में बताया था कि जब उन्हें धमकियां मिलती थीं तो मां उन्हें 15 दिन तक घर में छिपाकर रखती थीं। उन्होंने हमेशा बेटी को आगे बढ़ने का साहस दिया। नजफगढ़ की दुर्गा विहार कॉलोनी में रहने वाली नीलम चौधरी ने ही 2020 में सपना की शादी की पुष्टि मीडिया से की थी।
सपना चौधरी की शादी 24 जनवरी 2020 को गुपचुप तरीके से वीर साहू से मंदिर में हुई थी। इस शादी का खुलासा बाद में वीर साहू ने सोशल मीडिया पर किया था। शादी के तुरंत बाद सपना मां भी बनीं, लेकिन उस समय परिवार में मौत होने की वजह से दोनों ने खुशियां साझा नहीं कीं। गर्भावस्था की खबरों को लेकर ट्रोल किए जाने पर वीर साहू ने साफ कहा था कि यह उनका निजी मामला है और किसी को इसमें दखल देने का हक नहीं है।
गौरतलब है कि तीन साल पहले सोशल मीडिया पर सपना चौधरी की मौत की अफवाह भी उड़ चुकी थी। उस समय कहा गया था कि सिरसा में सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई है। इस झूठी खबर से सपना और उनका परिवार बुरी तरह परेशान हो गया था। बाद में सपना ने इंटरव्यू में कहा था कि इस तरह की अफवाहें बेहद अमानवीय होती हैं क्योंकि यह परिवार को मानसिक तौर पर तोड़ देती हैं।
नीलम चौधरी का जाना सपना और उनके परिवार के लिए बेहद बड़ा सदमा है। उन्होंने हमेशा अपनी बेटी के करियर और जीवन की हर कठिनाई में उसे संबल दिया।
Akhil Mahajan