शिखर धवन ने गर्लफ्रेंड से सगाई की, सोफी शाइन अमेरिकी कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट
शिखर धवन ने गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से सगाई की घोषणा की। सोफी अमेरिकी कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट हैं। 2023 में तलाक के बाद धवन की जिंदगी में नई शुरुआत हुई है।
- शिखर धवन ने गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से सगाई की, सोशल मीडिया पर किया ऐलान
- सोफी शाइन अमेरिकी फाइनेंशियल कंपनी में वाइस प्रेसिडेंट, आयरलैंड की रहने वाली
- 2023 में हुआ था धवन का तलाक, मुश्किल दौर के बाद जिंदगी में फिर लौटी खुशी
टीम इंडिया के पूर्व स्टार ओपनर शिखर धवन ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ी घोषणा की है। धवन ने गर्लफ्रेंड सोफी शाइन के साथ सगाई कर ली है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर इस रिश्ते को नया नाम देने की जानकारी दी।
शिखर धवन और सोफी शाइन पिछले कुछ समय से रिलेशनशिप में थे। मई 2025 में दोनों ने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते को स्वीकार किया था। इससे पहले भी दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया, जिससे उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज थीं।
पिछले साल दुबई में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान धवन और सोफी साथ नजर आए थे। इसके अलावा एक मीडिया कॉन्क्लेव में भी दोनों की मौजूदगी ने सुर्खियां बटोरी थीं, जहां धवन ने इशारों में दोबारा प्यार मिलने की बात कही थी।
IPL के दौरान भी सोफी शाइन को शिखर धवन की टीम पंजाब किंग्स को सपोर्ट करते देखा गया। स्टैंड्स में बैठकर टीम के लिए तालियां बजाती सोफी कई बार कैमरे में कैद हुई थीं।
सगाई की घोषणा करते हुए शिखर धवन ने भावुक संदेश लिखा। उन्होंने कहा कि मुस्कान से लेकर सपनों तक, सब कुछ साझा करते हुए वे एक-दूसरे का साथ चुन रहे हैं और मिले प्यार व आशीर्वाद के लिए आभारी हैं।
सोफी शाइन आयरलैंड की रहने वाली हैं और फिलहाल यूएई में जॉब कर रही हैं। उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक वह अमेरिका की फाइनेंशियल सर्विस कंपनी नॉर्दर्न ट्रस्ट कॉरपोरेशन में सेकेंड वाइस प्रेसिडेंट यानी प्रोडक्ट कंसल्टेंट के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं।
शिक्षा की बात करें तो सोफी ने आयरलैंड के लिमरिक इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मार्केटिंग और मैनेजमेंट की पढ़ाई की है। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने कैसलरॉय कॉलेज से पूरी की। वह सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहती हैं और धवन के साथ कई मजेदार वीडियो में नजर आ चुकी हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक शिखर धवन और सोफी शाइन की मुलाकात यूएई में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली। माना जा रहा है कि दोनों फरवरी में शादी के बंधन में भी बंध सकते हैं।
शिखर धवन के लिए यह रिश्ता भावनात्मक रूप से भी खास माना जा रहा है। 2023 में पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी से तलाक के बाद धवन एक कठिन दौर से गुजरे थे। उन्होंने एक इंटरव्यू में स्वीकार किया था कि वह लंबे समय तक अपने बेटे जोरावर से नहीं मिल पाए।
धवन और आयशा मुखर्जी का अक्टूबर 2023 में आधिकारिक रूप से तलाक हुआ था। दोनों की शादी 2011 में हुई थी और यह रिश्ता करीब 11 साल चला। दिल्ली की अदालत ने अपने फैसले में माना था कि धवन को मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी और उन्हें बेटे से दूर रखा गया।
तलाक के बाद शिखर धवन ने खुद को क्रिकेट और आत्ममंथन में व्यस्त रखा। अब सोफी शाइन के साथ नई शुरुआत ने उनके जीवन में एक बार फिर सकारात्मक ऊर्जा भर दी है।
क्रिकेट करियर की बात करें तो शिखर धवन ने 2010 में टी-20 और 2011 में वनडे डेब्यू किया था। 2013 में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने के बाद वे तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया का अहम हिस्सा बने।
धवन ने भारत के लिए 167 वनडे, 68 टी-20 और 34 टेस्ट मैच खेले। उनके नाम 24 शतक और 55 अर्धशतक दर्ज हैं। उन्होंने दिसंबर 2022 में भारत के लिए आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
Akhil Mahajan