सोनीपत में कार में बैठकर 12वीं का पेपर सॉल्व करती 3 टीचर पकड़ीं: मोबाइल में मिले प्रश्नपत्र और पर्चियां, हरियाणा में नकल के 30 केस
हरियाणा के सोनीपत जिले में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान कार में बैठकर पेपर सॉल्व करती तीन महिला टीचर पकड़ी गईं। मोबाइल में हिस्ट्री और बायोलॉजी के प्रश्नपत्र और पर्चियां मिलीं। प्रदेश में नकल के 30 मामले सामने आए और 7 पर्यवेक्षकों को हटाया गया।
■ सोनीपत के कटवाल गांव में कार में बैठकर 12वीं का पेपर सॉल्व करती 3 महिला टीचर रंगे हाथ पकड़ी गईं
■ मोबाइल में हिस्ट्री और बायोलॉजी के सभी सेटों के प्रश्नपत्र और हस्तलिखित उत्तर मिले
■ हरियाणा बोर्ड परीक्षा में नकल के 30 मामले सामने आए, लापरवाही पर 7 पर्यवेक्षक हटाए
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) की 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के दौरान सोनीपत जिले के कटवाल गांव में नकल कराने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल की तीन महिला टीचर परीक्षा केंद्र के बाहर खड़ी कार में बैठकर पेपर सॉल्व करती हुई पकड़ी गईं। शिक्षा बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) टीम ने मौके पर छापा मारकर तीनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
मामला उस समय सामने आया जब हिस्ट्री और बायोलॉजी की परीक्षा चल रही थी। सूचना मिलने पर बोर्ड की टीम और पुलिस ने परीक्षा केंद्र के पास खड़ी कार की घेराबंदी की। जांच के दौरान कार में बैठी तीनों महिला टीचर मोबाइल फोन और हस्तलिखित पर्चियों की मदद से प्रश्नपत्र हल करती हुई पाई गईं। टीम ने मौके से मोबाइल फोन और नकल की पर्चियां बरामद कर लीं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई तीनों महिलाएं कटवाल स्थित एलजी पब्लिक स्कूल में टीचर हैं। इसी स्कूल के कई छात्र उसी परीक्षा केंद्र में परीक्षा दे रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि टीचर बाहर बैठकर पेपर हल कर रही थीं और किसी माध्यम से अपने छात्रों तक जवाब पहुंचाने की तैयारी कर रही थीं।
मोबाइल में मिले प्रश्नपत्रों के सभी सेट
जब पुलिस ने महिला टीचरों के मोबाइल की जांच की तो उसमें 12वीं की हिस्ट्री और बायोलॉजी परीक्षा के सभी सेटों के प्रश्नपत्रों की फोटो और उनके हस्तलिखित उत्तर मिले। इससे यह शक और गहरा गया कि प्रश्नपत्र किसी तरीके से परीक्षा केंद्र से बाहर पहुंचाया गया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आखिर पेपर केंद्र से बाहर कैसे लीक हुआ और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका हो सकती है।
केंद्र अधीक्षक ने दी पुलिस को शिकायत
कटवाल परीक्षा केंद्र के केंद्र अधीक्षक जसबीर सिंह के अनुसार, 6 मार्च को दोपहर करीब 2:50 बजे चेयरमैन की RAF टीम तीन महिलाओं को पकड़कर केंद्र पर लाई। उनके मोबाइल में व्हाट्सऐप पर आज के पेपर से जुड़ी हस्तलिखित पर्चियां मिलीं। हालांकि जांच के दौरान परीक्षा हॉल में बैठे किसी छात्र के पास नकल की पर्ची नहीं मिली। इसके बाद पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी गई है।
हरियाणा में नकल के 30 केस
शुक्रवार को आयोजित हरियाणा बोर्ड की सीनियर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेशभर में 1,44,908 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। वहीं डीएलएड री-अपीयर परीक्षा में 867 परीक्षार्थियों ने पेपर दिया। शिक्षा बोर्ड के उड़नदस्तों द्वारा विभिन्न केंद्रों पर किए गए औचक निरीक्षण में नकल के कुल 30 मामले सामने आए।
ड्यूटी में लापरवाही पर 7 पर्यवेक्षक हटाए
बोर्ड ने परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 7 पर्यवेक्षकों को तुरंत कार्यभार से मुक्त कर दिया। इनमें गुरुग्राम, कैथल, पटौदी, बरवाला और अन्य परीक्षा केंद्रों पर तैनात शिक्षक शामिल हैं। शिक्षा बोर्ड ने साफ किया है कि नकल रोकने के लिए सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan