सोनीपत में NH-334B पर हाइवा में लगी आग, चालक की दर्दनाक मौ*त

सोनीपत के NH-334B पर ट्रक और हाइवा की टक्कर के बाद हाइवा में भीषण आग लग गई। केबिन में फंसे चालक मंगल सेन की जिंदा जलकर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सोनीपत में NH-334B पर हाइवा में लगी आग, चालक की दर्दनाक मौ*त

सोनीपत के NH-334B पर दो भारी वाहनों की टक्कर के बाद हाइवा में लगी भीषण आग

केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत, शव बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी


सोनीपत जिले में बुधवार दोपहर NH-334B पर गांव रोहणा के पास एक भीषण सड़क हादसे में हाइवा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। डस्ट से भरे हाइवा और रोड़ी से भरे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के कुछ ही सेकेंड बाद हाइवा में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक केबिन से बाहर नहीं निकल सका और अंदर ही फंस गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। हादसे के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम भी लगा रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 1 बजे गांव रोहणा के पास रोड़ी से भरे ट्रक (HR-69E-3466) को पीछे से डस्ट से भरे हाइवा (HR-46F-3192) ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही क्षणों में उसमें आग लग गई।

आसपास मौजूद लोगों ने चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण कोई भी केबिन तक नहीं पहुंच सका। देखते ही देखते पूरा केबिन आग की चपेट में आ गया।

हादसे में 37 वर्षीय मंगल सेन, निवासी गांव आसन, की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। आग बुझने के बाद दमकल और पुलिस की टीम ने केबिन खोलकर चालक का शव बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

फायर विभाग की टीम ने आग पर काबू पाने के बाद पूरे इलाके को सुरक्षित किया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।