Video: सोनीपत में फिल्मी स्टाइल लूट, कारोबारी को टेप से बांधकर कैश और जेवर लूटे

सोनीपत के कुंडली में मनी ट्रांसफर दुकान पर लूट, बदमाशों ने दुकानदार को बंधक बनाकर 1.20 लाख नकद और सोने की चेन लूटी, CCTV में वारदात कैद।

Video: सोनीपत में फिल्मी स्टाइल लूट, कारोबारी  को टेप से बांधकर कैश और जेवर लूटे

सोनीपत में मनी ट्रांसफर दुकान पर फिल्मी स्टाइल लूट
दुकानदार को टेप से बांधकर 1.20 लाख कैश और जेवर लूटे
कुंडली थाना से 100 मीटर दूर वारदात, CCTV में कैद बदमाश


हरियाणा के सोनीपत जिले में लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुंडली के औद्योगिक क्षेत्र स्थित महादेव मार्केट में रविवार शाम दो बदमाशों ने मनी ट्रांसफर की दुकान पर फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने दुकानदार को बंधक बनाकर नकदी और सोने के जेवर लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

बदमाश दुकान पर ताला लगाते हुए।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात कुंडली थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर अंजाम दी गई, जिससे पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित दुकानदार रीतोष दुबे, जो मूल रूप से मध्यप्रदेश के रीवा जिले के रहने वाले हैं, ने बताया कि वह कुंडली के नांगल कला में ‘परनामी कम्युनिकेशन’ नाम से मनी ट्रांसफर की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और 1 लाख रुपए ट्रांसफर करने के चार्ज के बारे में जानकारी ली। दोनों ने काफी देर तक बातचीत की और फिर चले गए।

दोस्त ने दुकान का ताला खोलकर दुकानदार को बाहर निकाला और इस दौरान दुकानदार अपनी टेप हटाते हुए।

करीब 7 बजे दोनों युवक दोबारा दुकान पर लौटे और पैसे ट्रांसफर कराने की बात कही। जैसे ही दुकानदार ने ट्रांजैक्शन की प्रक्रिया शुरू की, एक बदमाश ने अपने बैग से कट्टा निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे जबरन उठाकर दुकान के कोने में कुर्सी पर बैठाया और उसके हाथ-पैर व मुंह को प्लास्टिक टेप से कसकर बांध दिया

बदमाशों ने इसके बाद दुकान की दराज खंगाली और उसमें रखे करीब 1 लाख 20 हजार रुपए नकद और डेढ़ तोले की सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने दुकान के बाहर से ताला लगा दिया, ताकि दुकानदार तुरंत बाहर न निकल सके।

कुछ देर बाद दुकानदार के एक परिचित ने दुकान का ताला खोला और उसे मुक्त कराया। इस पूरी घटना की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें बदमाशों को वारदात के बाद दुकान पर ताला लगाते और बाहर निकलते हुए देखा जा सकता है।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।