हरियाणा में खनन माफ‍िया का गुंडाराज: सोनीपत में अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला, सहायक खनन अभियंता को पीटा, 2 ट्रैक्टर और जेसीबी सीज

सोनीपत में अवैध खनन रोकने पहुंची खान एवं भू-विज्ञान विभाग की टीम पर हमला हुआ। सहायक खनन अभियंता से मारपीट के आरोप में दो लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई, जबकि दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी सीज की गई।

हरियाणा में खनन माफ‍िया का गुंडाराज:  सोनीपत में अवैध खनन रोकने गई टीम पर हमला, सहायक खनन अभियंता को पीटा, 2 ट्रैक्टर और जेसीबी सीज

अवैध खनन रोकने पहुंची सरकारी टीम पर हमला, अधिकारी से मारपीट और मोबाइल छीना

दो नामजद आरोपियों पर एफआईआर, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी मशीन सीज

बिना अनुमति 204 मीट्रिक टन मिट्टी खनन का आरोप, पुलिस जांच में जुटी


सोनीपत में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खान एवं भू-विज्ञान विभाग की टीम पर कथित तौर पर हमला कर दिया गया। शिकायत के अनुसार, सरकारी ड्यूटी के दौरान टीम के साथ अभद्रता, मारपीट और छीना-झपटी की गई। आरोप है कि सहायक खनन अभियंता का मोबाइल फोन भी छीन लिया गया और सरकारी कार्रवाई में बाधा डाली गई। मामले में सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विभाग ने मौके पर मिले 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और एक जेसीबी मशीन को सीज कर दिया है।

औचक निरीक्षण में सामने आया अवैध खनन

सहायक खनन अभियंता चंद्र भूषण तिवारी के अनुसार, ओपी जिंदल ग्लोबल सिटी स्थित प्लॉट नंबर B-112 का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बिना किसी विभागीय अनुमति के मिट्टी का अवैध खनन होता मिला। विभाग के मुताबिक, मौके पर दो बड़े गड्ढे पाए गए और करीब 204 मीट्रिक टन मिट्टी का अवैध खनन किया जा चुका था।

2 ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन की गई सीज

कार्रवाई के दौरान मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन बरामद हुई, जिन्हें विभाग ने जब्त कर आरटीए पार्किंग में सीज कर दिया। विभाग का कहना है कि इन वाहनों के लिए किसी प्रकार की वैध खनन अनुमति जारी नहीं की गई थी। साथ ही संबंधित प्लॉट मालिक को जुर्माना नोटिस भी जारी किया गया है।

सरकारी ड्यूटी के दौरान अवैध खनन रोकने पहुंची टीम को न केवल धमकाया गया, बल्कि अधिकारी का मोबाइल छीनकर वीडियो भी बनाई गई और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। - Dainik Bhaskar

परमिट मांगने पर नहीं दिखा सके दस्तावेज

शिकायत के अनुसार, मौके पर मौजूद अनिल से जब खनन संबंधी परमिट या विभागीय अनुमति मांगी गई तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसने कथित तौर पर प्लॉट मालिक को फोन कर पूरी जानकारी दी।

फॉर्च्यूनर में पहुंचे लोग, मारपीट और धमकी का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ देर बाद दीपक ठाकरान और विजय संधू सफेद रंग की फॉर्च्यूनर में मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने सरकारी अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया, मोबाइल फोन छीन लिया, वीडियो बनाई और सरकारी कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

दो आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई कुलदीप को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।