सोनीपत में हादसा: जिम से लौटते दो जिगरी दोस्तों की मौत
सोनीपत के कुंडली क्षेत्र में NH-44 पर जिम से लौटते समय दो जिगरी दोस्तों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत, एक इकलौता बेटा था, पुलिस CCTV खंगाल रही है।
➤ कुंडली थाना क्षेत्र में तड़के भीषण सड़क हादसा
➤ जिम से लौट रहे दो युवकों की मौके पर मौत
➤ एक परिवार का इकलौता बेटा, दोनों बचपन से थे साथ
सोनीपत में मंगलवार तड़के एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने दो परिवारों की दुनिया उजाड़ दी। कुंडली थाना क्षेत्र में NH-44 पर अंसल प्लाजा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों जिगरी दोस्त रोज की तरह सुबह जिम करके घर लौट रहे थे। अचानक आई इस मौत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
मृतकों की पहचान 23 वर्षीय मोहित और 24 वर्षीय उत्तम कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बहालगढ़ की इंदिरा कॉलोनी निवासी मोहित अपने दोस्त उत्तम के साथ सुबह पार्कर मॉल स्थित जिम गया था। करीब 6:15 बजे दोनों एक ही स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अंसल प्लाजा के पास पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया गया है।
मोहित परिवार का इकलौता बेटा था। वह मूल रूप से उत्तराखंड के बागेश्वर जिले का रहने वाला था और पिछले करीब 20 वर्षों से परिवार के साथ सोनीपत में रह रहा था। वह जठेड़ी गांव के एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत था। मेहनती और शांत स्वभाव के कारण वह स्कूल और मोहल्ले में बेहद पसंद किया जाता था। उसकी असमय मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उत्तम कुमार बढ़मलिकपुर की दुर्गा कॉलोनी में रहता था और खुद की परचून की दुकान चलाता था। वह परिवार का सबसे छोटा और लाडला बेटा था। 10 जनवरी को ही उसने अपना जन्मदिन मनाया था। परिवार में माता-पिता, बड़ा भाई और विवाहित बहन हैं।
परिजनों के अनुसार दोनों की दोस्ती बचपन से थी। उन्होंने राई के असावरपुर गांव में पहली कक्षा से साथ पढ़ाई की थी। बचपन की यह दोस्ती युवावस्था तक गहरी होती गई और अंत में दोनों ने एक साथ दुनिया को अलविदा कह दिया।
कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
Akhil Mahajan