नाइट क्लबों पर महिला आयोग ने मारी रेड:सोनीपत में शराब पीती मिलीं युवतियां, टीम को देख भागीं

सोनीपत में महिला आयोग ने नाइट क्लबों पर रेड की, लेकिन सूचना लीक होने से कई क्लब पहले ही बंद मिले। युवाओं की शराबखोरी और अव्यवस्था सामने आई।

नाइट क्लबों पर महिला आयोग  ने मारी रेड:सोनीपत में शराब पीती मिलीं युवतियां,  टीम को देख भागीं
  • सोनीपत में महिला आयोग की देर रात नाइट क्लबों पर रेड
  • सूचना लीक होने से कई क्लब पहले ही बंद, संचालक फरार
  • युवक-युवतियां शराब पीते मिले, टीम को देखकर भागे

हरियाणा के सोनीपत में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब रेणु भाटिया के नेतृत्व में महिला आयोग की टीम ने नाइट क्लबों पर अचानक छापेमारी की। यह कार्रवाई हरियाणा महिला आयोग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

बताया गया कि टीम साधारण कपड़ों में ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी के सामने स्थित नाइट क्लबों में पहुंची। जैसे ही रेड शुरू हुई, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, छापेमारी की सूचना पहले ही लीक हो जाने के कारण कई क्लब संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से फरार हो चुके थे।

राठधाना नरेला रोड़ पर स्थित नाइट क्लब पर रेड करने के दौरान महिला आयोग चेयरपर्सन रेणु भाटिया।

छापेमारी के दौरान जो क्लब खुले मिले, वहां कर्मचारी अंदर अंधेरे में लाइट बंद करके बैठे पाए गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि मालिकों ने पहले ही निर्देश दे दिए थे कि आज क्लब नहीं खोलना है, क्योंकि रेड होने वाली है।

वहीं, टीम के पहुंचते ही कई युवक-युवतियां क्लबों से निकलकर भागते नजर आए। मौके पर यह भी सामने आया कि आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम शराबखोरी चल रही थी, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

वीरवार शाम करीब 6 बजे से शुरू हुई यह छापेमारी रात 12 बजे तक चली।

करीब 6 घंटे तक चली इस कार्रवाई में टीम ने कई स्थानों की जांच की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने इस दौरान कई लोगों को फटकार भी लगाई और माहौल को चिंताजनक बताया।

रेणु भाटिया ने साफ कहा कि छापेमारी की सूचना लीक होना बेहद गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार बिना किसी पूर्व सूचना के फिर से रेड की जाएगी और यदि कोई अवैध गतिविधि पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को नशे और गलत रास्तों से बचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है, लेकिन मौके पर जो स्थिति देखने को मिली, वह संतोषजनक नहीं थी।