श्रीनगर के डगपोरा में सीआरपीएफ का बुलेटप्रूफ वाहन नहर में गिरा, सात जवान ....
श्रीनगर के डगपोरा इलाके में CRPF का बुलेटप्रूफ वाहन नहर में गिरने से सात जवान घायल हो गए। सभी घायलों का SKIMS सौरा में इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
■ डगपोरा रोड पर बुलेटप्रूफ बंकर वाहन नहर में गिरा
■ हादसे में CRPF के सात जवान घायल, हालत स्थिर
■ SKIMS सौरा में चल रहा उपचार, नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के डगपोरा इलाके में शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक बुलेटप्रूफ बंकर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा अहमद नगर स्थित डगपोरा रोड पर उस समय हुआ जब वाहन चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और भारी-भरकम गाड़ी सड़क से फिसलकर पास की नहर में जा गिरी। इस दुर्घटना में सीआरपीएफ के सात जवान घायल हो गए।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और वाहन के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से जवानों को कई चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षा बलों की मदद से घायलों को तत्काल बाहर निकाला गया और उपचार के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SKIMS), सौरा में भर्ती कराया गया।
घायलों की पहचान नागिंदर सिंह (36), अजीत कुमार राम (36), राज किशोर राय (40), अमित कुमार यादव (38), राजधन राम (55), मंकर कुमार (40) और नीरज कुमार (45) के रूप में हुई है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक सभी जवानों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उन्हें शरीर पर कई चोटें आई हैं और डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं ताकि दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन सुरक्षा बलों ने स्थिति को संभाल लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी घायल जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Akhil Mahajan