फिल्ममेकर के बयान पर भड़कीं तृषा कृष्णन, बाद में मांगी गई माफी थलापति विजय से नाम जुड़ने पर विवाद, तृषा ने दिया करारा जवाब

साउथ एक्ट्रेस तृषा कृष्णन ने फिल्ममेकर आर. पार्थिबन के आपत्तिजनक बयान पर नाराजगी जताई। थलापति विजय से नाम जुड़ने को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ा और फिल्ममेकर को माफी मांगनी पड़ी।

फिल्ममेकर के बयान पर भड़कीं तृषा कृष्णन, बाद में मांगी गई माफी  थलापति विजय से नाम जुड़ने पर विवाद, तृषा ने दिया करारा जवाब

■ थलापति विजय संग नाम जुड़ने पर फिल्ममेकर के बयान से विवाद
तृषा कृष्णन ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए कड़ी प्रतिक्रिया दी
विवाद बढ़ने पर फिल्ममेकर आर. पार्थिबन ने सार्वजनिक रूप से मांगी माफी


साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन इन दिनों अभिनेता थलापति विजय के साथ नाम जुड़ने की चर्चाओं के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक वेडिंग रिसेप्शन में दोनों की मौजूदगी की तस्वीरें वायरल होने के बाद विवाद और भी बढ़ गया। इसी बीच एक फिल्ममेकर के बयान ने मामला और गरमा दिया, जिस पर अब तृषा ने खुलकर नाराजगी जताई है।

दरअसल, फिल्ममेकर आर. पार्थिबन ने एक कार्यक्रम के दौरान तृषा की तस्वीर पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्हें कुछ दिनों तक घर पर ही रहना चाहिए। यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और आखिरकार अभिनेत्री ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी।

तृषा कृष्णन ने अपने आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बिना किसी का नाम लिए फिल्ममेकर की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने लिखा कि हाल ही में हुए एक इवेंट के आयोजक ने उन्हें बताया कि उनका नाम और फोटो आखिरी समय पर किसी व्यक्ति के अनुरोध पर उसके सहायक के जरिए शामिल किया गया था।

इसके साथ ही तृषा ने अपने पोस्ट में लिखा कि माइक पर कुछ कह देने से कोई बात समझदार या मजाकिया नहीं बन जाती, बल्कि कई बार यह सिर्फ बोलने वाले की मूर्खता को और ज्यादा उजागर कर देता है। उन्होंने यह भी कहा कि बिना जानकारी के कही गई नकारात्मक बातें सामने वाले के बारे में नहीं, बल्कि बोलने वाले के बारे में ज्यादा बताती हैं।

फिल्ममेकर आर. पार्थिबन हाल ही में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां उनसे उन कलाकारों के बारे में सवाल किए जा रहे थे जिनके साथ उन्होंने पहले काम किया है। सवाल पूछते समय उनसे अलग-अलग अभिनेताओं और अभिनेत्रियों की तस्वीरें दिखाई जा रही थीं।

जब उन्हें तृषा कृष्णन की तस्वीर दिखाई गई तो उन्होंने हाल ही में थलापति विजय के साथ वायरल तस्वीरों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें कुछ दिनों तक घर पर ही रहना चाहिए और अगर वह बाहर न निकलें तो ज्यादा बेहतर होगा, क्योंकि इससे कई समस्याएं पैदा हो रही हैं

तृषा की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद तेजी से बढ़ने लगा। इसके बाद फिल्ममेकर आर. पार्थिबन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से माफी मांग ली।

उन्होंने लिखा कि सब कुछ गलत हो गया है और अब पछताने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। उनके इस बयान के बाद मामला कुछ शांत होता नजर आया, हालांकि सोशल मीडिया पर इस पूरे विवाद को लेकर अभी भी चर्चा जारी है।