Video: उचाना में ₹103 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास–उद्घाटन, CM नायब सैनी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
उचाना (जींद) में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ₹103.30 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। रैली में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला और क्षेत्र के विकास का दावा किया।
➤ पहली बार बांगर की धरती पर राजनीतिक सभा को संबोधित किया
➤ ₹103.30 करोड़ की 5 बड़ी परियोजनाओं की सौगात
➤ कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले– “चुनाव में लड्डू भी बनवा लिए थे”
हरियाणा के उचाना (जिला जींद) में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 18 फरवरी को पहली बार राजनीतिक सभा को संबोधित किया। रैली अतिरिक्त अनाज मंडी में आयोजित हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग भाजपा के झंडे के साथ पहुंचे।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से उचाना पहुंचे। फूल बरसाकर उनका स्वागत किया गया। मंच पर विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
कांग्रेस पर CM का हमला
सभा को संबोधित करते हुए CM सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की “न नीयत है, न नीति”। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने “लड्डू भी बनवा लिए थे”, लेकिन भाजपा जीत गई और विपक्ष अब तक सदमे से बाहर नहीं आया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विकास के नाम पर केवल वोट लिए, जबकि भाजपा सरकार ने क्षेत्र के विकास के लिए ठोस काम किए।
पंजाब और पेंशन मुद्दे पर भी बोले
CM सैनी ने पंजाब सरकार और विपक्षी गठबंधन पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में फैलाई जा रही पेंशन संबंधी अफवाहें गलत हैं। भाजपा सरकार ने किसी की पेंशन बंद नहीं की।
उन्होंने कहा कि आज की सरकार में गरीब परिवारों के बच्चों को भी सरकारी नौकरियों में अवसर मिल रहे हैं।
₹103.30 करोड़ की विकास परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ने उचाना विधानसभा क्षेत्र में कुल ₹103.30 करोड़ की लागत से 5 प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
🔹 उद्घाटन (कुल ₹28.54 करोड़)
-
सिंचाई परियोजना – ₹22.31 करोड़ से सुदकैन डिस्ट्री का पुनर्वास।
-
खेल सुविधा – गांव डूमरखां कलां में ₹3.52 करोड़ से मल्टीपर्पज हॉल।
-
पेयजल योजना – गांव सुदकैन कलां में ₹2.70 करोड़ से जल आपूर्ति नवीनीकरण।
🔹 शिलान्यास (कुल ₹74.76 करोड़)
-
महाग्राम योजना (नगूरां) – ₹43.81 करोड़ से जलापूर्ति सुदृढ़ीकरण व नए वाटर वर्क्स।
-
महाग्राम योजना (छतर) – ₹30.95 करोड़ से नई सीवरेज प्रणाली।
इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, खेल सुविधाओं और सीवरेज सिस्टम में सुधार होगा। इससे आमजन को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है।
CM का दावा: भाजपा ने 11 साल में ₹1409 करोड़ दिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 11 वर्षों में उचाना विधानसभा क्षेत्र के विकास पर ₹1409 करोड़ खर्च किए, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में केवल ₹386 करोड़ खर्च हुए।
उन्होंने उचाना की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यहां कमल खिलाकर लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूत करने का काम किया है।
Akhil Mahajan