बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने जीता गोल्ड:ओडिशा मास्टर्स फाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन
रोहतक की बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने ओडिशा मास्टर्स 2025 में असम की ईशारानी बरुआ को हराकर गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।
- रोहतक की उन्नति हुड्डा ने ओडिशा मास्टर्स 2025 में गोल्ड जीता
- फाइनल में असम की ईशारानी बरुआ को सीधे गेम में हराया
- 7 साल की उम्र से बैडमिंटन खेल रहीं उन्नति ने फिर रचा इतिहास
हरियाणा के रोहतक की 18 वर्षीय बैडमिंटन खिलाड़ी उन्नति हुड्डा ने एक बार फिर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्नति हुड्डा ने ओडिशा मास्टर्स 2025 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। फाइनल मुकाबले में उन्होंने असम की ईशारानी बरुआ को 21-17 और 21-10 के अंतर से हराकर खिताब जीता।
उन्नति हुड्डा ने इससे पहले 13 दिसंबर को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में रक्षिता रामराज को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल में उन्नति का खेल पूरी तरह हावी नजर आया और उन्होंने दो सीधे गेम में जीत दर्ज की। उनकी आक्रामक खेल शैली और शानदार फिटनेस ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
उन्नति हुड्डा इससे पहले भी 2022 में ओडिशा ओपन जीत चुकी हैं। उस समय उन्होंने सुपर 100 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतकर सबसे कम उम्र की भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया था। खेल के साथ-साथ पढ़ाई में भी उन्नति ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है और 12वीं कक्षा में 93 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
उन्नति हुड्डा ने रोहतक के सर छोटूराम स्टेडियम में प्रशिक्षण लिया है। उनका जन्म 20 सितंबर 2007 को रोहतक जिले के चमारिया गांव में हुआ। महज 7 साल की उम्र में उन्होंने बैडमिंटन खेलना शुरू किया था। उनके पिता उपकार का सपना था कि उनकी बेटी एक दिन बड़ा मुकाम हासिल करे, जिसे उन्नति ने अपनी मेहनत से साकार कर दिखाया है।
Author1