करन औजला के गानों पर झूमे विराट कोहली, ब्रांड लॉन्च इवेंट में दिखा अलग अंदाज

गुरुग्राम में One8 ब्रांड के ग्लोबल प्रीमियर इवेंट में विराट कोहली ने करन औजला के गानों पर डांस किया और बताया कि वह मैच से पहले ‘विनिंग स्पीच’ सुनते हैं।

करन औजला के गानों पर झूमे विराट कोहली, ब्रांड लॉन्च इवेंट में दिखा अलग अंदाज

विराट कोहली ने गुरुग्राम में अपने ब्रांड One8 के ग्लोबल प्रीमियर इवेंट में हिस्सा लिया

पंजाबी सिंगर करन औजला के साथ मंच पर डांस करते और गाने सुनते नजर आए

कोहली ने बताया कि मैच से पहले वह औजला का हिट सॉन्ग ‘विनिंग स्पीच’ भी सुनते हैं

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज Virat Kohli ने गुरुग्राम में अपने लाइफस्टाइल और स्पोर्ट्स ब्रांड One8 के ग्लोबल प्रीमियर इवेंट में हिस्सा लिया। इस दौरान मशहूर पंजाबी गायक Karan Aujla भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। दोनों की मंच पर शानदार केमिस्ट्री ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित India International Convention and Expo Centre (यशोभूमि) में आयोजित इस कार्यक्रम में करन औजला ने अपने कई लोकप्रिय गाने प्रस्तुत किए। उन्होंने विराट कोहली के लिए अपना चर्चित गीत ‘विनिंग स्पीच’ भी गाया।

गाने के दौरान जब करन औजला ने गीत की लाइन "औजला दे कन्ना विच नट्टियां" गाई तो विराट कोहली भी खुद को रोक नहीं सके। उन्होंने मंच पर करन औजला के साथ कुछ डांस स्टेप किए। इसके बाद वह स्टेज पर बैठकर औजला के गानों का आनंद लेते नजर आए।

कार्यक्रम के दौरान विराट कोहली ने करन औजला की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह करन औजला के बड़े प्रशंसक हैं और उनके गानों में जीवन के अनुभव और भावनाएं साफ झलकती हैं।

कोहली ने कहा, "विनिंग स्पीच वह गाना है जिससे मैं सबसे ज्यादा जुड़ाव महसूस करता हूं। यह गाना जीवन के संघर्ष और सफलता की कहानी बयां करता है। मुझे इसमें अपने क्रिकेट करियर की भी कई समानताएं नजर आती हैं। मैच खेलने जाने से पहले भी मैं यह गाना कई बार सुन चुका हूं।"

इस ग्लोबल प्रीमियर इवेंट में शामिल होने के लिए विराट कोहली और करन औजला प्राइवेट जेट से दिल्ली पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इसके बाद दोनों कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां हजारों प्रशंसकों ने उनका स्वागत किया।

बताया गया है कि ब्रांड लॉन्च इवेंट में करीब 5 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विराट कोहली ने अपनी टीम और स्टाफ के साथ ब्रांड के भविष्य और विस्तार को लेकर भी चर्चा की।

One8 विराट कोहली का स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड है, जिसकी शुरुआत वर्ष 2017 में हुई थी। ब्रांड का नाम उनके जर्सी नंबर 18 से प्रेरित है। इसके तहत स्पोर्ट्सवियर, जूते, टी-शर्ट, जैकेट, ट्रैक पैंट और अन्य लाइफस्टाइल उत्पाद उपलब्ध कराए जाते हैं।