फौजी की पत्नी की गला काटकर ह*त्या:नानी बोली- जेठ के बेटे ने कई वार किए , कटती हुई देखी बेटी

यमुनानगर के भंभोल गांव में 34 वर्षीय मोनिका की देर रात घर में हत्या कर दी गई। परिवार ने जेठ के बेटे और उसके साथी पर आरोप लगाया है। पुलिस ने चाकू बरामद कर कई एंगल से जांच शुरू कर दी है।

फौजी की पत्नी की गला काटकर ह*त्या:नानी बोली- जेठ के बेटे ने कई वार किए , कटती हुई देखी बेटी

यमुनानगर के भंभोल गांव में सोते समय महिला की हत्या
जेठ के बेटे और उसके साथी पर छत के रास्ते घुसकर वार करने का आरोप
फोरेंसिक जांच जारी, पुलिस रंजिश और अन्य एंगल पर कर रही पड़ताल


हरियाणा के यमुनानगर जिले के थाना छप्पर क्षेत्र के भंभोल गांव में 34 वर्षीय महिला मोनिका की देर रात घर के अंदर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमलावर छत के रास्ते से घर में घुसे और कमरे में सो रही महिला पर तेजधार हथियार से हमला कर फरार हो गए। गंभीर हालत में महिला को जगाधरी के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार गर्दन की मुख्य नस कटने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी है।

परिवार के मुताबिक, शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे मोनिका अपने कमरे में सो रही थी। अचानक उसकी चीख सुनाई दी। पहले परिजनों को लगा कि शायद उसने कोई बुरा सपना देखा हो, लेकिन दोबारा आवाज आने पर मां कांता देवी और नानी कमरे की ओर दौड़ीं। उनका आरोप है कि कमरे के अंदर दो युवक मौजूद थे, जिन्होंने मोनिका पर हमला किया था। शोर मचाने पर दोनों आरोपी छत के रास्ते फरार हो गए।

मोनिका की नानी ने दावा किया कि उन्होंने अपनी आंखों से हमलावर को वार करते देखा। उनका कहना है कि आरोपी और उसका साथी छत पर चढ़कर भाग गए। परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों में से एक मोनिका के जेठ का बेटा है और दूसरा उसका साथी। दोनों कथित रूप से अंबाला के कलरेड़ी गांव के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मोनिका की शादी करीब 10 वर्ष पहले अंबाला के कलरेड़ी गांव निवासी जसबीर सिंह के साथ हुई थी। उसके पति भारतीय सेना में हवलदार हैं और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। करीब तीन वर्ष पहले पिता की मृत्यु के बाद मोनिका अपनी मां के साथ भंभोल गांव में रह रही थी। उसका सात वर्षीय बेटा भी यहीं रहता है।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। फोरेंसिक टीम ने घर की तलाशी ली। घर के पास नाली से एक चाकू बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात में इसी हथियार का इस्तेमाल हुआ हो सकता है। चाकू को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

थाना छप्पर प्रभारी वेदपाल ने बताया कि परिवार के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। अभी तक हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों सहित कई एंगल पर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द पकड़ने का दावा किया गया है।

महिला की मौत के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही हैं तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। पुलिस प्रशासन पर अब जल्द कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।