XEN और कारोबारी सड़क पर भिड़े, इललीगल ट्रक नहीं चलेंगे जवाब मिला 'दीवार खड़ी कर दो'"

Haryana, Yamunanagar, Mining, Hydel Department, XEN, Businessman, Viral Video, Police, Breaking News, CityTehlka

XEN और कारोबारी सड़क पर भिड़े,  इललीगल ट्रक नहीं चलेंगे जवाब मिला 'दीवार खड़ी कर दो'"

आधी रात हाइडल विभाग के रास्ते पर XEN और खनन कारोबारी आमने-सामने आए

5 मिनट 46 सेकेंड के VIDEO में दोनों के बीच तीखी बहस हुई

पुलिस ने बीच-बचाव कराया, दोनों पक्षों ने थाने में दी शिकायत


हरियाणा के यमुनानगर में हाइडल विभाग के निजी रास्ते से खनन वाहनों की आवाजाही को लेकर गुरुवार देर रात बड़ा विवाद सामने आया। हाइडल विभाग के एक्सईएन विक्रांत ढांडा और खनन कारोबारी शुभम उर्फ सनी सड़क पर आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच करीब 5 मिनट 46 सेकेंड तक तीखी बहस हुई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव किया।

जानकारी के अनुसार एक्सईएन विक्रांत ढांडा देर रात चेकिंग के लिए ताजेवाला क्षेत्र पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हाइडल विभाग के निजी रास्ते से गुजर रहे खनन वाहनों पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यह हाइडल विभाग का निजी मार्ग है और इस रास्ते से अवैध रूप से माइनिंग के ट्रक नहीं चलने दिए जाएंगे

हाइडल विभाग के निजी रास्ते से खनन वाहनों की आवाजाही को लेकर एक्सईएन विक्रांत ढांडा और खनन कारोबारी शुभम उर्फ सनी के बीच बहस होती हुई।

इस पर खनन कारोबारी शुभम उर्फ सनी ने कहा कि जब सरकार ने उनकी जमीन का अधिग्रहण किया था तो विभाग को उन्हें क्रॉसिंग का वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराना चाहिए था। कारोबारी ने तर्क दिया कि यदि दूसरा रास्ता दिया गया होता तो उन्हें इस मार्ग का इस्तेमाल करने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

बहस के दौरान कारोबारी ने कहा कि यदि विभाग इस रास्ते से वाहन नहीं गुजरने देना चाहता तो यहां दीवार खड़ी कर दे। इस पर एक्सईएन ने जवाब दिया कि विभाग दीवार बनाने की तैयारी कर रहा है और वह उसी का निरीक्षण करने मौके पर पहुंचे हैं। कारोबारी ने सवाल उठाया कि क्या दीवार का निरीक्षण रात तीन बजे किया जाता है? इस पर दोनों के बीच बहस और तेज हो गई।

वीडियो में एक्सईएन बार-बार कहते सुनाई देते हैं कि "यह हाइडल विभाग का निजी रास्ता है, यहां से माइनिंग के ट्रक किसी भी कीमत पर नहीं चलेंगे।" वहीं कारोबारी अपनी जमीन, स्क्रीनिंग प्लांट और वैकल्पिक रास्ता न मिलने का मुद्दा उठाते रहे। बहस के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर ऊंची आवाज में बात करने और अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद प्रतापनगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद एक्सईएन और कारोबारी दोनों थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

प्रतापनगर थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी पक्ष के साथ पक्षपात नहीं किया जाएगा।