मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गोली मारकर ह*त्या
यमुनानगर के बाल छप्पर गांव में मॉर्निंग वॉक पर निकले सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से जांच कर रही है।
यमुनानगर में मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
बाइक सवार हमलावर फायरिंग कर मौके से फरार
6 साल पहले बेटे पर था मर्डर का आरोप, पुलिस रंजिश के एंगल से जांच में जुटी
हरियाणा के यमुनानगर जिले में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब वह रोजाना की तरह सुबह सैर के लिए निकले थे। बाइक सवार हमलावर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है। वह गांव बाल छप्पर में अकेले रहते थे और खेतीबाड़ी का काम करते थे। बताया जा रहा है कि सतनाम सिंह मूक-बधिर थे और बोलने में असमर्थ थे।
जानकारी के अनुसार, सतनाम रोजाना सुबह करीब 5:30 बजे गांव के आसपास सैर करने जाते थे। सोमवार सुबह भी वह घर से निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। गोलियां लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाने शुरू किए।
ग्रामीण राजकुमार ने बताया कि सुबह उन्हें धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। पहले लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है, लेकिन बाहर निकलकर देखा तो सतनाम सिंह खून से लथपथ पड़े थे। इसके बाद गांव के लोग मौके पर जुट गए, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
पूर्व सरपंच जरनैल सिंह ने बताया कि गांव में पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं। शुरुआती तौर पर मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा लग रहा है।
दरअसल, करीब 6 साल पहले गांव के ही रसपाल सिंह की हत्या हुई थी। उस मामले में सतनाम सिंह के बेटे वीरेंद्र का नाम सामने आया था। आरोप था कि वीरेंद्र ने फायरिंग कर रसपाल की हत्या की थी। घटना के बाद से वीरेंद्र फरार चल रहा है।
पुलिस जांच में उस समय जमीन विवाद और पुरानी रंजिश की बात सामने आई थी। बताया गया था कि गांव में दो कनाल जमीन पर अवैध कब्जे को हटाने को लेकर विवाद चला आ रहा था।
DSP रजत गुलिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
pooja