कार की टक्कर से 22 वर्षीय शिक्षक की मौ*त, 10 दिन पहले लगी थी नौकरी
यमुनानगर में स्कूल से लौट रहे 22 वर्षीय निजी शिक्षक शुभम की कार की टक्कर से मौत हो गई। 10 दिन पहले ही नौकरी लगी थी। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
यमुनानगर में स्कूल से लौट रहे 22 वर्षीय शिक्षक की सड़क हादसे में मौत
10 दिन पहले ही मिली थी प्राइवेट स्कूल में शिक्षक की नौकरी
भाई ने मौके पर कार का नंबर नोट किया, पुलिस ने चालक पर केस दर्ज किया
हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय निजी शिक्षक शुभम की मौत हो गई। शुभम स्कूल से घर लौट रहा था। इसी दौरान अटावा सिविल अस्पताल के गेट से निकली एक वैगनआर कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल शुभम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक शुभम रादौर क्षेत्र के गढ़ी सिकंदरा गांव का रहने वाला था। उसने बीएससी की पढ़ाई पूरी की थी और महज 10 दिन पहले ही गांव चमरोड़ी स्थित गीता सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निजी शिक्षक के रूप में नौकरी शुरू की थी। परिवार के लिए यह नई शुरुआत थी, लेकिन एक हादसे ने सारी खुशियां छीन लीं।
मृतक के चचेरे भाई अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने निजी काम से रादौर जा रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि अटावा सिविल अस्पताल परिसर से हिमाचल नंबर की सिल्वर रंग की वैगनआर कार तेज गति और लापरवाही से बाहर निकली। उसी समय शुभम अपनी सुपर स्प्लेंडर बाइक पर बसंतपुरा की ओर से आ रहा था। अचानक कार मुड़ने से दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि शुभम सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर, गर्दन, छाती, चेहरे, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों की मदद से उसे पहले सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए पहले एक निजी अस्पताल और फिर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अनिल कुमार ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उसने कार का नंबर मौके पर ही नोट कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद कार चालक भी मौके पर मौजूद रहा और उसने अपनी पहचान भूवन निवासी गढ़ी पजाल के रूप में बताई।
पारिवारिक जानकारी के अनुसार शुभम के पिता सुखविंद्र सिंह की भी वर्ष 2010 में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी थी। इसके बाद से परिवार की जिम्मेदारी मां और बच्चों पर आ गई थी। शुभम परिवार का सहारा बन रहा था, लेकिन उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रादौर थाना पुलिस ने अनिल कुमार की शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
pooja