अमित आंतिल बने जजपा के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष, 18 युवा नेताओं को मिली जिम्मेदारी

सोनीपत के युवा नेता अमित आंतिल को जजपा के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष का पद मिला, उन्होंने पार्टी की मजबूती और आगामी युवा सम्मेलन को सफल बनाने का आश्वासन दिया।

अमित आंतिल बने जजपा के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष, 18 युवा नेताओं को मिली जिम्मेदारी

➤ अमित आंतिल को जजपा के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई
➤ दिग्विजय चौटाला ने 18 युवा नेताओं को कार्यकारिणी में शामिल किया
➤ अमित ने जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी की मजबूती और आगामी युवा सम्मेलन को सफल बनाने का आश्वासन दिया


सुशील मोर

सोनीपत में जननायक जनता पार्टी (जजपा) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने युवा प्रदेश कार्यकारिणी की पहली सूची जारी की। इसमें राई हल्के के कुमासपुर गांव के युवा नेता अमित आंतिल को युवा प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। अमित आंतिल पिछले 15 वर्षों से चौटाला परिवार के साथ जुड़े हुए हैं और उनकी लोकप्रियता के चलते उन्हें यह महत्वपूर्ण पद दिया गया है।

अमित आंतिल ने इससे पहले 5 बार राई हल्के के युवा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया और उसके बाद युवा जजपा की आईटी सैल के प्रभारी रहे। इसके अलावा उन्होंने जिला परिषद सदस्य का चुनाव भी लड़ा, जिसमें उन्हें भारी जनसमर्थन मिला था। अमित आंतिल को दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला के करीबी युवा नेताओं में गिना जाता है। सोनीपत जिले में पार्टी को युवाओं के बीच मजबूत करने के उद्देश्य से उन्हें युवा विंग के उपाध्यक्ष का पद दिया गया है।

अपनी नियुक्ति पर अमित आंतिल ने जजपा सुप्रीमो डा० अजय सिंह चौटाला, पूर्व उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष ब्रज शर्मा, राष्ट्रीय सचिव व हरियाणा सरकार के पूर्व चेयरमैन सुमित राणा और जिलाध्यक्ष अशोक सरोहा का धन्यवाद किया।

अमित आंतिल ने कहा कि उन्हें जिस भरोसे और विश्वास के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उस पर खरा उतरेंगे और पार्टी की मजबूती के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी युवा योद्धा सम्मेलन को सफल बनाने के लिए पूरी टीम तैयार है और जिले के प्रत्येक बूथ पर युवा जजपा का झंडा बुलंद किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी के अध्यक्ष दुष्यंत चौटाला को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए वे पूरी मेहनत करेंगे।