फाजिलपुरिया फायरिंग केस में दो और आरोपी गिरफ्तार, 10 की लिस्ट पूरी

गुरुग्राम में हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार। गगनदीप पर 27 केस दर्ज, पुलिस अब तक 10 को पकड़ चुकी है।

फाजिलपुरिया फायरिंग केस में दो और आरोपी गिरफ्तार, 10 की लिस्ट पूरी
  • फाजिलपुरिया फायरिंग केस में दो आरोपी गिरफ्तार

  • हथियार सप्लाई करने वालों का खुलासा, गगनदीप पर 27 केस दर्ज

  • पुलिस अब तक 10 आरोपियों को पकड़ चुकी, मास्टरमाइंड सुनील सरधानिया गिरफ्तार


मशहूर हरियाणवी सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुई फायरिंग के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने शूटरों को हथियार उपलब्ध कराए थे। पुलिस अब तक इस पूरे मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दयानंद कॉलोनी, सेक्टर-5 निवासी प्रदीप शेरावत (35) और बाबा रामलाल नगर, जिला फिरोजपुर (पंजाब) निवासी गगनदीप उर्फ जज के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गगनदीप उर्फ जज पर पंजाब में हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम सहित कुल 27 केस दर्ज हैं, जबकि प्रदीप पर मारपीट का एक मामला दर्ज है।

14 जुलाई 2025 को एसपीआर रोड, गुरुग्राम पर फाजिलपुरिया की थार गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। गोली सड़क किनारे लगे लोहे के पोल से टकराई थी। सिंगर ने मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी। उस समय फाजिलपुरिया गांव से अपने फ्लैट की ओर जा रहे थे, जब एक सफेद टाटा पंच कार में सवार बदमाशों ने उन पर गोलियां चलाईं और वारदात के बाद फरार हो गए

इस मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। 26 अक्टूबर को पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर सुनील सरधानिया को दिल्ली एयरपोर्ट से पकड़ा था। वह फर्जी पासपोर्ट से दुबई और फिर मध्य अमेरिका चला गया था, जहां से वह अपने साथियों को निर्देश दे रहा था। पुलिस के अनुसार, वही इस फायरिंग का मास्टरमाइंड था।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गगनदीप ने दीपक नांदल के कहने पर प्रदीप को खेड़की दौला से अवैध हथियार दिए थे, जिन्हें आगे शक्ति सिंह तक पहुंचाया गया। इन्हीं हथियारों से फाजिलपुरिया पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस केस में बच गए अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।