फिरोजपुर झिरका में ट्रक ने सड़क पर खड़े दंपती और दो बच्चों को कुचला, चारों की मौत
फिरोजपुर झिरका में बीवां रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर खड़े दंपती और दो बच्चों को कुचल दिया। चारों की मौके पर मौत, चालक ट्रक छोड़कर फरार। पुलिस जांच में जुटी।
-
फिरोजपुर झिरका में ट्रक ने सड़क पर खड़े पति-पत्नी और दो बेटों को कुचला
-
हादसे में चारों की मौके पर ही मौत, चालक ट्रक छोड़कर फरार
-
सड़क संकरी और अवैध कब्जों के कारण बढ़ा हादसों का खतरा
फिरोजपुर झिरका (नूंह)। शहर के बीवां रोड पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक ही परिवार के चार सदस्यों को कुचल दिया, जिससे पति, पत्नी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बीवां रोड स्थित दालमिल के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान तशरीफ पुत्र नूर मोहम्मद (40), पत्नी साहूनी (35), बेटा एहसान (13) और छोटा बेटा अरमान (10) निवासी गांव खुशपुरी, थाना नगीना, जिला नूंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तशरीफ अपने परिवार के साथ बाइक पर सवार होकर बीवां गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में वह सड़क किनारे रुककर कुछ सामान लेने लगा, तभी पीछे से आया एक अनियंत्रित ट्रक सीधे परिवार पर चढ़ गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अल-आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भिजवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता आरिफ ठेकेदार बघोला, रिसाल पहलवान घाटा, ईसब खान बीवां और एडवोकेट इरशाद बीवां ने हादसे पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने कहा कि बीवां रोड पर अवैध कब्जे और संकरी सड़क के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाए और भारी वाहनों की आवाजाही सीमित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
Author1