OMG! अस्पताल से भागा किडनैपर, कुत्ता पीछे दौड़ा, पुलिस ने फिर पकड़ा

गुरुग्राम सिविल अस्पताल से मेडिकल के दौरान पुलिस कस्टडी से किडनैपिंग आरोपी फरार हो गया। CCTV में कैद घटना के बाद नाकाबंदी की गई और एक घंटे बाद CIA टीम ने पकड़ा।

OMG! अस्पताल से भागा किडनैपर, कुत्ता पीछे दौड़ा, पुलिस ने फिर पकड़ा

किडनैपिंग केस में पकड़ा आरोपी गुरुग्राम पुलिस कस्टडी से फरार
सिविल अस्पताल सेक्टर-10 से हुआ भागने का प्रयास, CCTV में कैद
एक घंटे बाद CIA टीम ने दबोचा, पहले दो युवकों का किया था अपहरण


हरियाणा के गुरुग्राम में पुलिस कस्टडी से फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल की है, जहां अपहरण और फिरौती के मामले में गिरफ्तार आरोपी को मेडिकल जांच के लिए लाया गया था।

मेडिकल रूम के बाहर आरोपी ने पुलिसकर्मी का हाथ झटककर अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर की ओर भागना शुरू कर दिया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि क्वार्टर क्षेत्र में बैठे लोगों का पालतू कुत्ता भी भागते आरोपी के पीछे दौड़ने लगता है, जिससे माहौल अफरा-तफरी वाला हो जाता है।

जिला अस्पताल के स्टाफ क्वार्टर में वह जगह, जहां से युवक फरार हुआ।

सूचना मिलते ही पुलिस ने कंट्रोल रूम को अलर्ट किया और पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी। करीब एक घंटे की तलाश के बाद आरोपी को CIA टीम ने पकड़ लिया और थाने ले जाया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्वार्टर क्षेत्र की दीवारें और ग्रिल छोटी हैं, जिससे सुरक्षा पर सवाल खड़े होते

 हैं।

आरोपी युवक आशीष, जिसे एक घंटे बाद सीआईए टीम ने पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आशीष उर्फ गोलू (18), निवासी पिचोपा कलां, चरखी दादरी के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर 6 दिसंबर को दो युवकों का किडनैप कर 37 हजार रुपये फिरौती वसूल चुका है। गैंग ने सोशल मीडिया ग्राइंडर ऐप के जरिए दोस्ती कर किडनैपिंग की योजना बनाई थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही 4 आरोपियों को 7 दिसंबर को गिरफ्तार किया था और उनकी कार व 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए लगातार अपराध कर रहे थे। पुलिस अब पूछताछ कर रही है कि क्या इनके नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं।