हरियाणा के CM से गरीब पंजाब के मुख्यमंत्री: ADR रिपोर्ट में सामने आई 31 मुख्यमंत्रियों की संपत्ति, डी.के. शिवकुमार सबसे अमीर
ADR रिपोर्ट में हरियाणा, पंजाब और हिमाचल के मुख्यमंत्रियों की संपत्ति, आय, कर्ज और आपराधिक मामलों की तुलना सामने आई है। जानिए तीनों राज्यों के CM में कौन सबसे अमीर और किस पर सबसे ज्यादा कर्ज है।
➤ ADR रिपोर्ट में 31 मुख्यमंत्रियों की संपत्ति, आय और आपराधिक मामलों का विश्लेषण
➤ हरियाणा के CM नायब सैनी की संपत्ति पंजाब के CM भगवंत मान से करीब तीन गुना अधिक
➤ कर्नाटक के डी.के. शिवकुमार सबसे अमीर, जम्मू-कश्मीर के उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच की ताजा रिपोर्ट में देश के 31 मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति, वार्षिक आय, कर्ज और आपराधिक मामलों का विश्लेषण किया गया है। चुनावी शपथ पत्रों में दी गई जानकारी के आधार पर तैयार इस रिपोर्ट के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कुल संपत्ति ₹1.97 करोड़ है, जिससे वे देश के सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में पांचवें स्थान पर हैं।
रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषित संपत्ति ₹5.80 करोड़ है, जो भगवंत मान की संपत्ति से लगभग तीन गुना अधिक है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कुल संपत्ति ₹7.81 करोड़ दर्ज की गई है, जो हरियाणा और पंजाब दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अधिक है।
डी.के. शिवकुमार सबसे अमीर मुख्यमंत्री
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार देश के सबसे अधिक संपत्ति वाले मुख्यमंत्री/राज्य प्रमुखों में शामिल हैं। उन्होंने ₹1,413 करोड़ की संपत्ति घोषित की है। दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सबसे कम संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं। उनके शपथ पत्र के अनुसार उनकी कुल संपत्ति ₹55 लाख है।
आय के मामले में भगवंत मान आगे
हालांकि संपत्ति के मामले में भगवंत मान अपने दोनों पड़ोसी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से पीछे हैं, लेकिन वार्षिक आय के मामले में वे आगे हैं। उन्होंने अपने पेशे के रूप में केवल राजनीति का उल्लेख करते हुए ₹18.34 लाख की वार्षिक आय घोषित की है।
वहीं सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्वयं को पेंशनभोगी और ठेकेदार बताया है और उनकी वार्षिक आय ₹17.22 लाख दर्ज की गई है। नायब सिंह सैनी ने विधायक, मुख्यमंत्री और स्टोन क्रशर मालिक के रूप में ₹13.45 लाख की वार्षिक आय घोषित की है।
कर्ज के मामले में नायब सैनी सबसे आगे
रिपोर्ट के अनुसार तीनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों में नायब सिंह सैनी पर सबसे अधिक ₹74.82 लाख का कर्ज है। भगवंत मान पर ₹30.35 लाख और सुखविंदर सिंह सुक्खू पर ₹22.42 लाख का कर्ज घोषित किया गया है।
आपराधिक मामलों का भी किया गया विश्लेषण
ADR की रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि नायब सिंह सैनी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। वे देश के उन 17 मुख्यमंत्रियों में शामिल हैं जिनका आपराधिक रिकॉर्ड पूरी तरह साफ है।
वहीं सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एक गंभीर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धाराओं से जुड़ा मामला भी शामिल है। दूसरी ओर भगवंत मान के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है, जिसमें सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और दंगे से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
Akhil Mahajan