शिमला की लाइफलाइन कार्ट रोड पर लैंडस्लाइड, मलबा गिरने से यातायात ठप

शिमला की कार्ट रोड पर पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण यातायात ठप हो गया। दोनों ओर लंबा जाम लग गया है। प्रशासन सड़क से मलबा हटाने और मार्ग बहाल करने में जुटा है।

शिमला की लाइफलाइन कार्ट रोड पर लैंडस्लाइड, मलबा गिरने से यातायात ठप

शिमला की लाइफलाइन कार्ट रोड पर पहाड़ी से मलबा गिरने से यातायात ठप

दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें, सड़क पर फैला मलबा हटाने का काम जारी

निर्माण कार्य के दौरान हुआ लैंडस्लाइड, रुक-रुक कर अब भी गिर रहा मलबा


हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार को कार्ट रोड पर पहाड़ी से अचानक मलबा गिरने के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली इस सड़क पर मलबा आने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी का एक हिस्सा खिसक गया, जिससे भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सीधे सड़क पर आ गिरे। घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई।

सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से सड़क पर गिरे मलबे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया। हालांकि, पहाड़ी से रुक-रुक कर लगातार मलबा गिरने के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक सड़क पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं हो जाती, तब तक इस मार्ग से गुजरने से बचें। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है, ताकि जाम और किसी संभावित हादसे से बचा जा सके।

फिलहाल सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और पहाड़ी की स्थिरता का भी आकलन किया जा रहा है।