फेसबुक से हटा पीएम मोदी का NEET वाला वीडियो, मेटा ने बताई तकनीकी गड़बड़ी और फ‍िर...........

NEET और पेपर लीक पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो पहले ब्लॉक हुआ, फिर मेटा ने तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए उसे बहाल कर दिया। मामले पर MeitY ने कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा।

फेसबुक से हटा पीएम मोदी का NEET वाला वीडियो, मेटा ने बताई तकनीकी गड़बड़ी और फ‍िर...........

NEET और पेपर लीक पर पीएम मोदी का फेसबुक वीडियो पहले हुआ ब्लॉक
मेटा ने तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए वीडियो को दोबारा बहाल किया
MeitY ने मामले पर मेटा के ग्लोबल हेड ऑफ पब्लिक पॉलिसी से मांगा स्पष्टीकरण


NEET परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन वाला फेसबुक वीडियो पहले अचानक ब्लॉक हो गया। वीडियो की जगह "कानूनी अनुरोध के कारण उपलब्ध नहीं है" का संदेश दिखाई देने लगा, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। बाद में मेटा ने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो किसी नीति उल्लंघन के कारण नहीं हटाया गया था, बल्कि यह एक तकनीकी गड़बड़ी (Technical Glitch) थी। कंपनी ने बताया कि जैसे ही समस्या का पता चला, वीडियो को तुरंत दोबारा बहाल कर दिया गया।

करीब तीन मिनट के इस वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NEET परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने देश के युवाओं और छात्रों को भरोसा दिलाया था कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

वीडियो हटने के बाद सरकार ने लिया संज्ञान

वीडियो के अचानक फेसबुक से हटने और उस पर कानूनी अनुरोध वाला संदेश दिखाई देने के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। मंत्रालय ने मेटा के ग्लोबल हेड ऑफ पब्लिक पॉलिसी को तलब कर इस घटना पर स्पष्टीकरण मांगा।

सरकार यह जानना चाहती थी कि प्रधानमंत्री के आधिकारिक वीडियो को फेसबुक से हटाने की वजह क्या थी और उपयोगकर्ताओं को कानूनी अनुरोध वाला संदेश क्यों दिखाई दिया।

मेटा ने तकनीकी त्रुटि को बताया वजह

मेटा के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि वीडियो हटाने के पीछे किसी प्रकार का कम्युनिटी स्टैंडर्ड या पॉलिसी उल्लंघन नहीं था। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह एक तकनीकी त्रुटि का मामला था। कंपनी के अनुसार, समस्या की पहचान होते ही वीडियो को सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

कंटेंट मॉडरेशन पर फिर उठे सवाल

इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंटेंट मॉडरेशन, तकनीकी निगरानी और बड़े सार्वजनिक पदाधिकारियों के आधिकारिक कंटेंट के प्रबंधन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई। हालांकि, मेटा ने दोहराया कि यह केवल तकनीकी गड़बड़ी थी और अब वीडियो सामान्य रूप से उपलब्ध है।