फ्री एंट्री के साथ हिसार में आज सूर्य किरण एयर शो, 9 विमान आसमान में एक साथ दिखाएंगे करतब

हिसार एयरपोर्ट पर सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का भव्य एयर शो, शहीद विंग कमांडर साहिल गांधी को श्रद्धांजलि, हजारों दर्शक रोमांचक नजारा देखेंगे।

फ्री एंट्री के साथ हिसार में आज सूर्य किरण एयर शो, 9 विमान आसमान में एक साथ दिखाएंगे करतब

➤ हिसार एयरपोर्ट पर सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम का रोमांचक एयर शो
➤ शहीद विंग कमांडर साहिल गांधी के परिवार को मिला विशेष निमंत्रण
➤ प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और 15 हजार दर्शकों के इंतजाम किए

हरियाणा के हिसार स्थित महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट आज भारतीय वायुसेना के शानदार एयर शो का गवाह बनेगा। वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम यहां तीन घंटे तक अपने विमानों से रोमांचक करतब दिखाएगी। सुबह से ही हजारों दर्शक एयरपोर्ट पर पहुंचकर इस ऐतिहासिक नजारे का इंतजार कर रहे हैं।

एयर शो की तैयारियों का जायजा लेते पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी।

एयर शो का समय सुबह 10 बजे तय किया गया है और आम जनता को 9 बजे से प्रवेश की अनुमति दी गई। आयोजन के लिए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और पार्किंग की विशेष तैयारियां की हैं। दिल्ली-हिसार नेशनल हाईवे पर जाम की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दर्शकों के लिए करीब 15 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है, वहीं वीआईपी के लिए सोफे और आर्मी-एक्स आर्मी कर्मियों के लिए अलग बैठने की सुविधा दी गई है। आम लोगों के लिए जमीन पर दरियां भी बिछाई गई हैं ताकि हर कोई आराम से शो का लुत्फ उठा सके।

इस शो की खास बात यह भी है कि सूर्य किरण टीम ने 2019 में बेंगलुरु में हुए हादसे में शहीद हुए हिसार के विंग कमांडर साहिल गांधी के परिवार को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया है। इस शो को उनकी शहादत को नमन करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के रूप में देखा जा रहा है।

सूर्य किरण टीम की टुकड़ी में 13 पायलट शामिल हैं, जो अपने विमानों से विभिन्न फॉर्मेशन और स्टंट दिखाएंगे। कभी सभी विमान एक साथ आकाश में आकृतियां बनाएंगे तो कभी छोटे-छोटे समूहों में बंटकर करतब दिखाएंगे। इस दौरान विमान 150 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 650 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरेंगे।

एयर शो पूरी तरह फ्री और आम जनता के लिए खुला है। किसी पास या टिकट की आवश्यकता नहीं है। दर्शक अपने साथ कैमरा, बैग और पानी जैसी वस्तुएं भी ला सकते हैं। शो को लेकर एयरपोर्ट और आसपास के गांवों में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। कई लोगों ने पहले ही रिहर्सल के दौरान विमानों की झलकियां अपने कैमरों में कैद कर ली थीं।

गौरतलब है कि सूर्य किरण टीम भारतीय वायुसेना की 52वीं स्क्वॉड्रन का हिस्सा है, जिसकी स्थापना 1996 में हुई थी। इस टीम ने देश-विदेश में सैकड़ों प्रस्तुतियों से भारत का मान बढ़ाया है। वर्तमान में टीम का मुख्यालय कर्नाटक के बीदर एयरबेस में है। इसमें केवल अनुभवी लड़ाकू पायलट शामिल किए जाते हैं, जिनके पास हजारों घंटे उड़ान का अनुभव और असाधारण कौशल होता है।