हिसार में सूर्यकिरण एयरशो पर अद्भुत नजारा,9 जहाजों ने आसमान में तिरंगा और हार्ट शेप बनाकर मंत्रमुग्ध किया
हिसार के महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर एयरफोर्स की सूर्यकिरण टीम ने एयरशो प्रस्तुत किया। हॉक टी-1 जहाजों ने तिरंगा और हार्ट शेप बनाकर करतब दिखाए। CM नायब सैनी ने शो की सराहना की और एकजुट भारत और देशभक्ति का संदेश बताया।
➤ हिसार में महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर एयरफोर्स की सूर्यकिरण टीम का शानदार एयरशो
➤ हॉक टी-1 जहाजों ने आसमान में तिरंगा और हार्ट शेप के साथ करतब दिखाए, 'Y' फॉर्मेशन से युवाओं को प्रेरित किया
➤ CM नायब सैनी ने एयर शो की सराहना की, एकजुट भारत और देशभक्ति का संदेश बताया
हरियाणा के हिसार जिले में रविवार (21 सितंबर) को महाराजा अग्रसेन एयरपोर्ट पर भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक्स टीम ने शानदार एयरशो प्रस्तुत किया। इस एयरशो में एयरफोर्स के 9 हॉक टी-1 जहाजों ने आसमान में उड़ान भरी और धुएं से तिरंगा बनाने का अद्भुत प्रदर्शन किया। एयरशो का सबसे आकर्षक पल था जब विमानों ने हवा में हार्ट शेप बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विमानों ने तीन-तीन और दो-दो के सेट में एक के बाद एक करतब दिखाए। युवा पीढ़ी को प्रेरित करते हुए 'Y' फॉर्मेशन भी बनाई गई। एयरफोर्स के 13 पायलट्स ने अंबाला और सिरसा एयरबेस से 150 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 650 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरी। सेना ने बताया कि यह एयरशो युवाओं को एयरफोर्स में भर्ती के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा के CM नायब सैनी भी मौजूद थे। उन्होंने भारतीय सेना और वीर जवानों की बहादुरी की सराहना की। CM सैनी ने कहा कि सूर्यकिरण एयरोबेटिक शो न केवल एकजुट भारत की अवधारणा को साकार करता है, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क और अटूट देशभक्ति का भी संदेश देता है।
एयर शो के दौरान और उसके बाद दिल्ली-हिसार नेशनल हाईवे पर भारी जाम लग गया। दर्शक एयर शो देखने पहुंचे और वाहन मार्ग जाम होने के कारण पुलिस को आवाजाही सुचारु करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
