हरियाणा का मोस्‍ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ लाठिया गिरफ्तार, सोनीपत का रहने वाला है शातिर

गुरुग्राम पुलिस ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ लाठिया को दिल्ली से गिरफ्तार किया। हत्या, लूट, फिरौती सहित 11 मामलों में वांछित। कोर्ट ने भगौड़ा घोषित किया था।

हरियाणा का मोस्‍ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ लाठिया गिरफ्तार, सोनीपत का रहने वाला है शातिर
  • पुलिस ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ लाठिया को गिरफ्तार किया

  • चार जिलों में कई हत्याएं, लूट-फिरौती और आर्म्स एक्ट के 11 केस दर्ज

  • दिल्ली से पकड़ा गया आरोपी, सोनीपत के लाठ गांव का रहने वाला

गुरुग्राम। हरियाणा की गुरुग्राम पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ लाठिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, फिरौती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित था। पुलिस काफी समय से उसके गैजेट्स और गतिविधियों पर सर्विलांस रखे हुए थी, जिसके आधार पर उसे दिल्ली से पकड़ा गया

पुलिस के अनुसार संदीप लाठिया सोनीपत जिले के लाठ गांव का रहने वाला है और अपराध की दुनिया में इसी नाम से पहचान बनाई। गुरुग्राम जिला कोर्ट ने उसे भगौड़ा और उद्घोषित अपराधी घोषित कर रखा था। उसकी गिरफ्तारी से पुलिस को कई पुराने मामलों में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि 18 दिसंबर 2022 को सुखराली स्थित सामुदायिक केंद्र में एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे गिरोह की घेराबंदी की गई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन संदीप भाग निकला था। उसके साथियों से छह पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए थे और थाना सेक्टर 17/18 में मामला दर्ज किया गया था।

फरारी के दौरान आरोपी ने दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में छिपने के लिए ठिकाने बनाए हुए थे। पूछताछ में सामने आया है कि वह लंबे समय तक अंतर-राज्यीय हथियारबंद गैंग का सक्रिय सदस्य रहा और गैंग ऑपरेशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि अन्य फरार साथियों, गैंग नेटवर्क और हथियार सप्लाई चेन की जानकारी ली जा सके।

पुलिस केस रिकॉर्ड के अनुसार, संदीप उर्फ लाठिया निम्नलिखित आपराधिक वारदातों में शामिल रहा

  • 2013: विनोद निवासी मुंडलाना की हत्या।

  • 2013: विक्की निवासी ऐंचरा जींद की हत्या।

  • 2013: गजराज निवासी झज्जर की हत्या।

  • 2017: लाखनमाजरा रोहतक निवासी युवक का अपहरण व 20 लाख रुपए फिरौती

  • 2017: बरोणा गांव के फौजी की हत्या।

  • 2018: गांव लाठ के पास पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला

पुलिस ने कहा कि लाठिया की गिरफ्तारी जिले में अपराध नेटवर्क को कमजोर करने में बड़ी सफलता है।