विनेश फोगाट का बृजभूषण पर तीखा हमला: बोलीं- गुंडा-बदमाश है,सुप्रीम कोर्ट तक जाएगी लड़ाई
विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह को गुंडा-बदमाश बताते हुए गंभीर आरोप लगाए। जुलाना की कांग्रेस बैठक में कार्यकर्ता ने विनेश को घमंडी भी कहा।
विनेश फोगाट ने बृजभूषण शरण सिंह को गुंडा-बदमाश बताया, कहा- पैसे के दम पर लड़कियों पर अत्याचार किए
➤ मीडिया से बोलीं- बृजभूषण को इतनी इज्जत मत दो, गोंडा में जमीन कब्जाने और आज भी लड़कियों के शोषण का लगाया आरोप
➤ कांग्रेस की बंद कमरे की बैठक में विनेश पर कार्यकर्ता भड़का, बोला- सबसे ज्यादा घमंड तो आप में है
जींद। हरियाणा के जींद जिले के हलके जुलाना से कांग्रेस विधायक और स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट ने भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। विनेश फोगाट ने बृजभूषण को गुंडा और बदमाश बताते हुए आरोप लगाया कि उसने पैसे के दम पर लड़कियों पर अत्याचार किए हैं। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि बृजभूषण को ज्यादा इज्जत न दी जाए।
विनेश फोगाट ने कहा कि गोंडा में बृजभूषण ने लोगों की जमीन कब्जाई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बृजभूषण आज भी लड़कियों का शोषण कर रहा है और भाजपा में रहकर यह सब कर रहा है। विनेश ने कहा कि जब तक वह भाजपा में रहेगा, तब तक पार्टी उसका साथ देती रहेगी और यही उसकी सच्चाई है।
विनेश फोगाट ने बृजभूषण के हेलीकॉप्टर से उड़ने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि वह किस पैसे से हेलीकॉप्टर में उड़ता है और इतना पैसा कहां से आया। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या कभी इसकी जांच होगी। विनेश फोगाट ने साफ कहा कि इस पूरे मामले और लड़ाई को अब सुप्रीम कोर्ट तक ले जाया जाएगा।
BJP-RSS पर भी विनेश फोगाट का निशाना
राष्ट्रवाद के मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि BJP-RSS हमें देशभक्ति न सिखाएं। उन्होंने कहा कि आरएसएस कार्यालयों पर लंबे समय तक तिरंगा नहीं फहराया गया और आज वही लोग तिरंगा यात्राएं निकाल रहे हैं। विनेश ने कहा कि ऐसी यात्राओं के बाद राष्ट्रीय ध्वज सड़कों पर पैरों तले आता दिखाई देता है।
उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद सामने आए कथित 'शुद्धिकरण' मामले पर भी विनेश ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या दलित समाज के बड़े नेताओं को किसी स्थान पर जाने का हक नहीं है।
अर्चना गुप्ता के बयान पर भी पलटवार
हरियाणा भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के एक बयान पर पलटवार करते हुए विनेश फोगाट ने कहा कि भाजपा का समय अब पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि मिट्टी का घड़ा बार-बार चूल्हे पर नहीं चढ़ाया जा सकता, वह सिर्फ एक बार काम करता है। विनेश ने आरोप लगाया कि टीआरपी और पब्लिसिटी हासिल करने के लिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।
कांग्रेस की बैठक में भी गरमाया माहौल, कार्यकर्ता ने विनेश को घमंडी कहा
उधर, जुलाना में कांग्रेस संगठन की बंद कमरे में हुई बैठक उस समय अखाड़े में तब्दील हो गई, जब कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं और विधायक विनेश फोगाट के खिलाफ अपनी भड़ास निकाल दी। बैठक में कार्यकर्ताओं के तीखे तेवरों से माहौल गरमा गया।
बैठक के दौरान विनेश फोगाट ने कार्यकर्ताओं से घमंड छोड़कर संगठन को मजबूत करने की बात कही। इस पर एक नाराज कार्यकर्ता ने तंज कसते हुए कहा, "सबसे ज्यादा घमंड तो आप में है।"
जींद की जाट धर्मशाला की दूसरी मंजिल पर स्थित सभागार में हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र और सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने पहुंचे थे। बैठक में कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं और विधायक विनेश फोगाट के सामने अपनी नाराजगी रखी।
कार्यकर्ताओं के तीखे तेवर और विरोध के बीच विधायक विनेश फोगाट ने सफाई देते हुए कहा कि वह कांग्रेस के किसी गुट का हिस्सा नहीं हैं। उनका एकमात्र उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना है।
pooja