दोहा शूटिंग वर्ल्ड कप: हरियाणा की सुरुचि फोगाट ने देश के लिए जीता गोल्ड, संयम को सिल्वर

दोहा शूटिंग वर्ल्ड कप में हरियाणा की सुरुचि फोगाट ने गोल्ड मेडल जीतकर देश को गौरवान्वित किया। चंडीगढ़ की संयम ने सिल्वर जीता और मनु भाकर पाँचवें स्थान पर रहीं।

दोहा शूटिंग वर्ल्ड कप: हरियाणा की सुरुचि फोगाट ने देश के लिए जीता गोल्ड, संयम को सिल्वर
  • दोहा शूटिंग वर्ल्ड कप में हरियाणा की सुरुचि फोगाट ने जीता गोल्ड
  • चंडीगढ़ की संयम को मिला सिल्वर, मनु भाकर पांचवें स्थान पर रहीं
  • तीन राउंड तक कड़ा मुकाबला, अंतिम शॉट्स में सुरुचि ने बनाया दबदबा

दोहा शूटिंग वर्ल्ड कप प्रतियोगिता में हरियाणा की शूटर सुरुचि फोगाट ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। फाइनल राउंड में उन्होंने सटीक निशाने की बदौलत अंतिम शॉट्स पर बढ़त बनाई और खिताब अपने नाम किया। उनके जीतते ही भारतीय कैंप में खुशी की लहर दौड़ गई। चंडीगढ़ की संयम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं दो बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर फाइनल मुकाबले में पिछड़ गईं और पांचवें स्थान पर रहीं।

फाइनल का पहला राउंड बेहद रोमांचक रहा। पहले राउंड के बाद चंडीगढ़ की संयम पहले स्थान पर थीं, जबकि हरियाणा की सुरुचि दूसरे और मनु भाकर चौथे नंबर पर रहीं। सभी खिलाड़ियों के बीच स्कोर का अंतर बहुत कम था और हर शॉट निर्णायक साबित हो रहा था।

दूसरे राउंड में स्थितियां बदलती हुई दिखाई दीं। संयम ने अपनी बढ़त बनाए रखी, जबकि सुरुचि चौथे नंबर पर खिसक गईं और मनु छठवें स्थान पर पहुंच गईं। इस चरण में दबाव स्पष्ट नजर आ रहा था और स्कोरिंग में उतार-चढ़ाव जारी रहा।

तीसरे राउंड में सुरुचि ने शानदार वापसी की और दूसरे स्थान पर पहुंच गईं। जबकि इस राउंड में चीन की दो खिलाड़ी मुकाबले से बाहर हो गईं, जिससे प्रतियोगिता और भी रोमांचक हो गई। अंतिम शॉट्स में मानसिक मजबूती और सटीक निशानों ने निर्णायक भूमिका निभाई।

14वें शॉट तक संयम पहले नंबर पर थीं और सुरुचि दूसरे पर, लेकिन अंतिम दो शॉट्स में सुरुचि ने कमाल करते हुए फाइनल जीत लिया। मनु भाकर पांचवे पायदान पर रहकर पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। सुरुचि की जीत के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और शूटिंग समुदाय की ओर से बधाई संदेशों की बौछार हो रही है।