हरियाणा के प्रदीप कुमार ने ग्रीस में अल्ट्रा रनिंग में रचा इतिहास, भारतीयों में सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन

झज्जर जिले के गोधड़ी गांव के एडवोकेट प्रदीप कुमार ने ग्रीस में आयोजित 246 किमी अल्ट्रा स्टॉथलॉन 30 घंटे 8 मिनट में पूरा कर भारतीय धावकों का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया।

हरियाणा के प्रदीप कुमार ने ग्रीस में अल्ट्रा रनिंग में रचा इतिहास, भारतीयों में सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन

गोधड़ी गांव के प्रदीप कुमार ने अल्ट्रा रनिंग में रचा इतिहास
ग्रीस में 246 किलोमीटर अल्ट्रा स्टॉथलॉन 30 घंटे 8 मिनट में पूरा किया
भारत से शामिल धावकों में सबसे बेहतर प्रदर्शन



हरियाणा के झज्जर जिले के छोटे से गांव गोधड़ी के रहने वाले एडवोकेट प्रदीप कुमार ने अल्ट्रा रनिंग की दुनिया में देश का नाम रोशन कर दिया है। किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले प्रदीप ने हाल ही में ग्रीस में आयोजित 246 किलोमीटर अल्ट्रा स्टॉथलॉन में हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में दुनिया भर से 402 धावक उतरे थे। भारत से केवल 5 धावक शामिल हुए और उनमें से प्रदीप ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने यह कठिन दौड़ 30 घंटे 8 मिनट में पूरी कर भारतीय धावकों का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। प्रदीप ने कुल मिलाकर 42वां स्थान हासिल किया, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।

परिवार और शुरुआती सफर
प्रदीप के पिता प्रकाश सिंह आर्मी में रहे हैं और मां टीचर हैं। साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले प्रदीप ने कठिन परिश्रम और अनुशासन से यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने 2017 में रनिंग करियर की शुरुआत की और महज 8 साल में 50 से अधिक दौड़ों में हिस्सा लेकर कई खिताब अपने नाम किए। कई बार उन्होंने अपने ही बनाए रिकॉर्ड को भी तोड़ा।

गुरुग्राम रनर्स क्लब से जुड़ाव
पेशे से एडवोकेट प्रदीप ने कई बड़े संस्थानों में मैनेजर के पद पर काम किया। साल 2020 से वे गुरुग्राम रोड रनर्स क्लब के सक्रिय सदस्य हैं। वे मानते हैं कि निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। हर हफ्ते वे करीब 140 किलोमीटर दौड़ लगाकर खुद को तैयार करते हैं। यही अनुशासन और नियमितता उन्हें मैराथन और अल्ट्रा रनिंग में अलग पहचान दिलाती है।

प्रदीप कुमार के पर्सनल रिकॉर्ड

  • 5 KM – 18:00 मिनट (गुरुग्राम रन)

  • 10 KM – 37:40 मिनट (फ्रीडम रन 4.0)

  • 15 KM – 59:15 मिनट (अरावली ट्रेल)

  • 21.1 KM (हाफ मैराथन) – 1:21:00 घंटे (तफ्मन गुरुग्राम)

  • 30 KM – 2:06:42 घंटे (दिल्ली प्रैक्टिस रन)

  • 42.2 KM (फुल मैराथन) – 2:58:30 घंटे (अपोलो टायर्स नई दिल्ली मैराथन 2024)

  • 50 KM (ट्रेल रन – रेड स्टोन अल्ट्रा) – 4:06:05 घंटे (कोर्स रिकॉर्ड)

  • 160 KM (100 माइल बॉर्डर रन) – 18:50 घंटे (4th स्थान, राजस्थान 2023)

आज प्रदीप कुमार का नाम उन चुनिंदा भारतीय धावकों में शामिल हो गया है जिन्होंने अल्ट्रा रनिंग में देश की छवि को वैश्विक मंच पर मजबूत किया है।