पिता से आशीर्वाद लेकर अजय सिंघल ने संभाली डीजीपी की कुर्सी, ऑपरेशन हॉटस्पॉट लगातार जारी रहेगा

हरियाणा के नवनियुक्त डीजीपी अजय सिंघल ने पंचकूला में कार्यभार संभाला। पुलिस वेलफेयर, भ्रष्टाचार पर सख्ती, महिला सुरक्षा और रोड सेफ्टी उनकी प्राथमिकताएं रहेंगी।

पिता से आशीर्वाद लेकर अजय सिंघल ने संभाली डीजीपी की कुर्सी, ऑपरेशन हॉटस्पॉट लगातार जारी रहेगा

➤ अजय सिंघल ने पंचकूला में हरियाणा के नए DGP के रूप में कार्यभार संभाला
➤ पदभार ग्रहण से पहले पिता से आशीर्वाद लेकर भावुक क्षण बना


पंचकूला। हरियाणा के नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने गुरुवार को सेक्टर-6 स्थित हरियाणा पुलिस मुख्यालय में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रदेश पुलिस की कमान अपने हाथों में ली।

कार्यभार ग्रहण करने से पहले डीजीपी अजय सिंघल ने अपने 85 वर्षीय पिता ओमप्रकाश सिंघल को सम्मानपूर्वक कुर्सी पर बैठाकर उनसे आशीर्वाद लिया। यह दृश्य वहां मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भावुक और प्रेरणादायक बन गया।

पदभार संभालने के बाद डीजीपी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता पुलिस वेलफेयर रहेगी। उन्होंने कहा कि आगे से यदि किसी पुलिस कर्मी की बेटी की शादी होती है तो वेलफेयर फंड से पांच लाख रुपए देने की कोशिश की जाएगी। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों की मेंटल हेल्थ को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में एक छुट्टी देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी पुलिसकर्मी भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि रोड सेफ्टी और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस रहेगा और प्रदेश में ऑपरेशन हॉटस्पॉट लगातार जारी रहेगा। विपक्ष द्वारा अपराध बढ़ने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डीजीपी ने कहा कि यदि हालात इतने खराब होते तो हरियाणा की जीडीपी में बढ़ोतरी और लोगों की आर्थिक समृद्धि संभव नहीं होती।

डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि जो लोग समाज में आतंक फैलाते हैं, वे आतंकवादी हैं, लेकिन उन्हें कानून की तय धाराओं में ही निपटाया जाएगा। उन्होंने रोहिंग्या शरणार्थियों को प्रदेश के लिए एक बड़ी चुनौती बताया और कहा कि इस दिशा में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर काम कर रही है।