हरियाणा के 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 11 में यलो अलर्ट
हरियाणा में मानसून सक्रिय है। 3 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश, तेज हवाओं और तापमान में गिरावट की पूरी जानकारी पढ़ें।
हरियाणा के 3 जिलों में ऑरेंज और 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी
प्रदेश में मानसून एक्टिव, कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के आसार
लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में करीब 5°C की गिरावट दर्ज
हरियाणा में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को प्रदेश के 14 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मंगलवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया। कई जिलों में दिन के समय भी आसमान पर घने बादल छाए रहे। सोनीपत समेत कई इलाकों में दिन के समय शाम जैसा नजारा देखने को मिला। लगातार बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि कई स्थानों पर जलभराव ने परेशानी भी बढ़ा दी।
फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी स्थित मॉडर्न तक्षशिला स्कूल के पास जलभराव के दौरान ट्यूबवेल से करंट फैल गया। इसकी चपेट में आने से दो कुत्तों और एक बछड़े की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद करवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फरीदाबाद के ही डबुआ क्षेत्र में जलभराव के कारण एक कार बीच सड़क में बंद हो गई। लोगों ने धक्का लगाकर वाहन को बाहर निकाला। वहीं एनआईटी-86 क्षेत्र और नगर निगम जोन के सामने भी सड़कें पानी में डूब गईं। एक स्थान पर जलभराव के बीच युवक सड़क पर बैठ गया, जिसका वीडियो भी चर्चा में रहा।
लगातार बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 4.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 38.0°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद हिसार में 36.8°C, जींद में 36.4°C, नारनौल और भिवानी में 35.0°C, जबकि फतेहाबाद में 34.0°C तापमान दर्ज हुआ। अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहा।
करनाल और कैथल में दिन और रात के तापमान में बेहद कम अंतर देखने को मिला। करनाल में दिन का तापमान 27.2°C और रात का 26.5°C दर्ज किया गया। वहीं कैथल में दिन का तापमान 27.7°C तथा रात का 27.0°C रिकॉर्ड किया गया।
राज्य के न्यूनतम तापमान में औसतन 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल, गुरुग्राम और करनाल में 26.0°C रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 28.8°C, रोहतक में 28.4°C, भिवानी में 27.5°C, फतेहाबाद में 28.1°C और सिरसा में 29.2°C तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार बादल और नमी के कारण रात में उमस बनी रह सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश, जलभराव, बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
pooja