हरियाणा में बरसाती नाले में डूबने से दो की मौत
अंबाला में दुखेड़ी गांव के पास बरसाती नाले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं भुनी गांव में टांगरी नदी में नहाते वक्त पांच बच्चे बहे, जिनमें से चार को बचा लिया गया, एक की तलाश जारी है।
➤ अंबाला में बरसाती नाले में डूबने से दो लोगों की मौत
➤ ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से हादसा, दो लोग सुरक्षित निकाले गए
➤ भुनी गांव में टांगरी नदी में नहाते वक्त 5 बच्चे बहे, एक की तलाश जारी
हरियाणा के अंबाला जिले में शनिवार को लगातार हो रही बारिश के बीच दो अलग-अलग हादसों ने हड़कंप मचा दिया। पहला हादसा दुखेड़ी गांव के पास उस समय हुआ, जब चार लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नारायणगढ़ से ईंटें लेकर मोहड़ा जा रहे थे। रास्ते में अचानक बरसाती नाले के तेज बहाव में ट्रैक्टर बेकाबू होकर पलट गया। इसमें मीठापुर गांव का मुकेश और समलहेड़ी गांव का रवि नाले की तेज धार में बह गए।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि मुकेश और रवि को बाद में निकाल तो लिया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना पड़ाव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया। अब पुलिस ने बरसाती नाले के पास बैरियर लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। हालांकि हादसे के वक्त यह रास्ता खुला हुआ था।
दूसरी ओर, भुनी गांव में एक और दर्दनाक घटना घटी। यहां टांगरी नदी में नहाने उतरे 5 बच्चे अचानक बह गए। मौके पर मौजूद लोगों और गोताखोरों की मदद से 4 बच्चों को बचा लिया गया, लेकिन एक बच्चा अब भी लापता है। सभी बच्चे पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं। लापता बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। इन दोनों हादसों ने अंबाला और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दहशत और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
Akhil Mahajan