24 दिसंबर को पंचकूला आएंगे अमित शाह, अटल जी की प्रतिमा करेंगे अनावरण
गृहमंत्री अमित शाह 24 दिसंबर को पंचकूला पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और 5000 जवानों की पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे। CM ने तैयारियों का निरीक्षण किया।
- 24 दिसंबर को पंचकूला आएंगे अमित शाह
- अटल पार्क में करेंगे 41 फीट प्रतिमा का अनावरण
- 5 हजार जवानों की पासिंग आउट परेड में शिरकत
हरियाणा की सियासत 24 दिसंबर को एक बार फिर गर्म होने वाली है। देश के गृह मंत्री अमित शाह पंचकूला पहुंचेंगे, जहां वे पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी खुद पंचकूला पहुंचे और तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह अवसर अटल जी की जयंती (25 दिसंबर) के पूर्व दिवस को और खास बनाने वाला होगा।
सीएम सैनी ने कहा कि अटल पार्क में तैयार की जा रही प्रतिमा 37 फुट ऊंची है और फाउंडेशन स्टोन मिलाकर कुल ऊंचाई 41 फुट होगी। इस भव्य प्रतिमा का अनावरण अमित शाह स्वयं करेंगे। कार्यक्रम के दौरान एक बड़े रक्तदान शिविर का उद्घाटन भी होगा, जिसमें हजारों लोग शामिल होने की संभावना है।
इसी दिन पंचकूला की धरती एक और ऐतिहासिक पल की गवाह बनेगी। लगभग 5000 पुलिस जवानों की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी, जिसमें अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे। 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के अवसर पर भी अमित शाह का एक विशेष कार्यक्रम पंचकूला में रहेगा, जिससे शहर का राजनीतिक माहौल और भी सक्रिय हो जाएगा।
सीएम सैनी ने अटल पार्क में तैयारियों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।
इस दौरान सीएम सैनी ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 14 दिसंबर की अपनी रैली में वोट चोरी और फर्जी वोट की कहानी सुनाकर देश को गुमराह कर रही है। जबकि उसके पास 4 पीढ़ियों तक भारत में शासन करने का समय था, फिर भी वे अपनी उपलब्धियां गिनवाने के बजाय दुष्प्रचार में लगी है। सीएम ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने वाली राजनीति कांग्रेस और राहुल गांधी ही कर रहे हैं।
इसी बीच जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला की सिक्योरिटी हटाए जाने के सवाल पर CM सैनी ने साफ कहा कि सुरक्षा देना या न देना पुलिस का अधिकार है। किसे कितनी सुरक्षा चाहिए, इसका आकलन पुलिस करती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस सभी नागरिकों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की धमकी या खतरे को हल्के में नहीं लेती।
अमित शाह के दौरे के चलते पंचकूला में सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था और प्रोटोकॉल को लेकर तैयारियां तेज हो चुकी हैं।
Author1