हरियाणा में IAS आफ‍िसर का घर भी नहीं सेफ, सात दिन में तीन बार चोरी, रातभर पुलिस की गाड़ी भी खड़ी थी, फिर भी होती रही चोरी

रोहतक की DLF कॉलोनी में महिला IAS अधिकारी के घर सात दिन में तीन बार चोरी हुई। CCTV में चोर कैद हुए, जबकि पड़ोसियों ने मौके पर पुलिस वाहन होने का भी दावा किया।

हरियाणा में IAS आफ‍िसर का घर भी नहीं सेफ, सात दिन में तीन बार चोरी, रातभर पुलिस की गाड़ी भी खड़ी थी, फिर भी होती रही चोरी

रोहतक की DLF कॉलोनी में लेडी IAS अधिकारी के बंद घर को सात दिन में तीसरी बार बनाया निशाना

CCTV में आराम से आते-जाते दिखे चोर, घर की टोंटी तक उखाड़ ले गए

पड़ोसियों का दावा- रातभर पुलिस की गाड़ी भी खड़ी थी, फिर भी होती रही चोरी


हरियाणा के रोहतक में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। DLF कॉलोनी में रहने वाली एक महिला IAS अधिकारी के घर में सिर्फ सात दिनों के भीतर तीन बार चोरी हो गई। हैरानी की बात यह है कि चोर बेखौफ तरीके से घर में घुसे, सामान समेटा और आराम से निकल गए। पूरी वारदात आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

CCTV फुटेज के मुताबिक, रात करीब 2 बजे दो युवक घर के अंदर जाते दिखाई देते हैं। घर में अंधेरा होने के कारण बाहर निकलते समय उनकी तस्वीर कैमरे में रिकॉर्ड नहीं हो सकी। पड़ोसियों का कहना है कि चोर घर से कीमती सामान के साथ पानी की टोंटी तक उखाड़कर ले गए, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उन्होंने आराम से घर खंगाला।

महिला अधिकारी के घर की तरफ जाता युवक।

जानकारी के अनुसार संबंधित महिला IAS अधिकारी की तैनाती फिलहाल नूंह जिले में है। परिवार भी उनके साथ रहता है, इसलिए रोहतक स्थित मकान अधिकतर बंद रहता है। घर की देखरेख की जिम्मेदारी पड़ोस में रहने वाले एक परिचित को दी गई है। इसी दौरान चोरों ने लगातार तीसरी बार वारदात को अंजाम दे दिया।

इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू पड़ोसियों का दावा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस रात चोरी हुई, उस दौरान कॉलोनी में एक पुलिस वाहन भी मौजूद था, जिसमें दो पुलिसकर्मी बैठे दिखाई दिए। लोगों का कहना है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर निकल गए। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

महिला अधिकारी के घर में घुसते दो युवक।

आर्य नगर थाना के SHO नरेश कुमार का कहना है कि उनके पास अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं पहुंची है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लगातार तीन बार हुई चोरी और CCTV फुटेज सामने आने के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि यदि एक IAS अधिकारी का घर भी सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा कितनी मजबूत है।