अभय चौटाला-भरत बैनिवाल विवाद में गोकुल सेतिया की एंट्री, ऐलनाबाद-रानियां दौरे का ऐलान
अभय चौटाला और भरत सिंह बैनिवाल विवाद के बीच कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने ऐलनाबाद और रानियां दौरे का ऐलान किया है। इससे सिरसा की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है।
■ कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने ऐलनाबाद और रानियां दौरे का ऐलान किया
■ भरत बैनिवाल के समर्थन में कांग्रेस नेताओं के एकजुट होने के संकेत
■ सेतिया बोले- जल्द तय होगी राजनीतिक भूमिका और दौरे का शेड्यूल
सिरसा। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला और ऐलनाबाद से कांग्रेस विधायक भरत सिंह बैनिवाल के बीच चल रहे सियासी विवाद में अब सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया की भी एंट्री हो गई है। सेतिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ऐलान किया है कि वह जल्द ही ऐलनाबाद और रानियां विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और अपनी राजनीतिक भूमिका निभाएंगे।
राजनीतिक गलियारों में इस पोस्ट को कांग्रेस की ओर से भरत बैनिवाल के समर्थन और अभय चौटाला के खिलाफ मोर्चाबंदी की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी सियासी हलचल
गोकुल सेतिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि वह जल्द ही ऐलनाबाद और रानियां विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे और कुछ दिनों में दौरे का कार्यक्रम तय किया जाएगा।
इस पोस्ट के सामने आते ही सिरसा की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस अब इस मुद्दे पर संगठित होकर राजनीतिक संदेश देने की तैयारी कर रही है।
बोले- भरत बैनिवाल के साथ खड़ी है कांग्रेस
मीडिया से बातचीत में गोकुल सेतिया ने कहा कि उनकी भरत सिंह बैनिवाल से बातचीत हो चुकी है और उसी के बाद इन दोनों क्षेत्रों में दौरे की योजना बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता भरत बैनिवाल के साथ खड़े हैं और जल्द ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, रानियां से कांग्रेस नेता सर्वमित्र कंबोज भी इस दौरे में उनके साथ नजर आ सकते हैं।
भरत बैनिवाल अभी सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर
जानकारी के अनुसार, विधायक भरत सिंह बैनिवाल फिलहाल सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि उनकी स्पीच थैरेपी चल रही है और स्वास्थ्य में सुधार के बाद वे अगले 10 से 15 दिनों में फिर सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखाई दे सकते हैं।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक न तो भरत बैनिवाल और न ही इनेलो की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
सोशल मीडिया पर मिला-जुला रिस्पॉन्स
गोकुल सेतिया की पोस्ट पर समर्थकों और लोगों की ओर से मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
कुछ लोगों ने उनके फैसले का समर्थन करते हुए लिखा कि उन्हें कालांवाली और डबवाली क्षेत्रों का भी दौरा करना चाहिए। वहीं कुछ यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए कहा कि पहले सिरसा के मुद्दों पर अधिक ध्यान दिया जाए।
सर्वमित्र कंबोज बोले- पार्टी के लिए हमेशा तैयार
रानियां से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी सर्वमित्र कंबोज ने कहा कि उनसे अभी किसी ने औपचारिक संपर्क नहीं किया है, लेकिन यदि पार्टी की ओर से कोई कार्यक्रम तय होता है तो वह पूरी तरह साथ हैं।
उन्होंने कहा कि किसी विधायक के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी करना उचित नहीं है और राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं।
सिरसा की राजनीति में बढ़ सकता है घमासान
अभय चौटाला और भरत बैनिवाल के बीच शुरू हुआ यह विवाद अब धीरे-धीरे बड़े राजनीतिक टकराव का रूप लेता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेताओं की सक्रियता के बाद आने वाले दिनों में सिरसा और ऐलनाबाद की राजनीति में सियासी हलचल और बढ़ सकती है।
pooja