नूंह में यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस पलटी, दरवाजे जाम होने से मची चीख-पुकार
हरियाणा के नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर यात्रियों से भरी टूरिस्ट बस पलट गई। दरवाजे जाम होने के कारण यात्री अंदर फंस गए, जिन्हें राहगीरों ने शीशे तोड़कर बाहर निकाला।
■ नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर टूरिस्ट बस पलटी
■ दरवाजे जाम होने से बस के अंदर फंसे यात्री
■ राहगीरों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला
हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव बघोला के पास यात्रियों से भरी एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस पलटने के बाद उसके दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर एक्सप्रेसवे से गुजर रहे राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
शीशे तोड़कर बाहर निकाले यात्री...
बस के दरवाजे नहीं खुलने पर लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बस के शीशे तोड़े और अंदर फंसे यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, घायलों की सटीक संख्या और बस में सवार कुल यात्रियों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राहत-बचाव कार्य जारी...
हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा और हादसे के पीछे तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या अन्य कोई कारण था।
यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, खबर को अपडेट किया जाएगा।
pooja