“हाथी चला बाजार…” अनिरुद्धाचार्य ने अंजलि राघव को दी ट्रोलर्स से निपटने की सीख

“हाथी चला बाजार…” अनिरुद्धाचार्य ने अंजलि राघव को दी ट्रोलर्स से निपटने की सीख

• पवन सिंह विवाद के बाद अंजलि राघव ने ट्रोलिंग पर वृंदावन के संतों से मांगी सलाह
• अनिरुद्धाचार्य ने कहा – “हाथी चला बाजार, कुत्ते भौंके हजार” जवाब देने की जरूरत नहीं
• प्रेमानंद महाराज बोले – लोग हमें भी नहीं छोड़ते, अच्छा काम करते रहो



लखनऊ/वृंदावन। भोजपुरी एक्टर और सिंगर पवन सिंह के साथ हुए विवाद के बाद लगातार ट्रोलिंग झेल रहीं हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव ने अपनी मानसिक पीड़ा को संतों के सामने रखा। हाल ही में वह वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के आश्रम पहुँचीं और उनसे पूछा कि सोशल मीडिया पर लोग अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं, तो ऐसे में क्या करना चाहिए।

अंजलि के सवाल पर अनिरुद्धाचार्य ने उन्हें जीवन दर्शन से जुड़ी कहावत सुनाई – “हाथी चला बाजार, कुत्ते भौंके हजार”। उन्होंने कहा कि कुत्तों को जवाब देने की जरूरत नहीं, बल्कि अपने काम में मन लगाना चाहिए। “लोग माता सीता को भी बोले बिना नहीं छोड़ते। लोग खाए बिना रह सकते हैं, लेकिन बोले बिना नहीं रह सकते।”

अंजलि ने बताया कि वह प्रेमानंद महाराज के पास भी गई थीं और ट्रोलिंग पर सवाल किया था। इस पर प्रेमानंद महाराज ने कहा – “लोग हमें भी नहीं छोड़ते। हमारे वीडियो को काटकर गलत ढंग से पेश करते हैं। लेकिन हमें केवल अच्छा काम करते रहना चाहिए।”

अनिरुद्धाचार्य के आश्रम में अंजलि ने बुजुर्ग महिलाओं से भी मुलाकात की और सीता का किरदार निभाते हुए एक डायलॉग सुनाया। उन्होंने कहा कि इस बातचीत के बाद उन्हें मानसिक शांति मिली है।

मामला 29 अगस्त को लखनऊ में हुए एक म्यूजिक शो से जुड़ा है, जहां परफॉर्मेंस के दौरान पवन सिंह ने अंजलि की कमर छू ली थी। यह वीडियो वायरल हुआ तो विवाद बढ़ गया। अंजलि ने कहा कि अगर यह हरियाणा में होता तो लोग खुद जवाब देते। इसके बाद पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक माफी मांगी।

लेकिन विवाद यहीं नहीं रुका। अंजलि ने कहा कि अब उनके पुराने गानों की क्लिप काटकर भद्दे कमेंट्स के साथ वायरल की जा रही हैं। उन्हें पोर्न स्टार तक कहा जा रहा है। अंजलि ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है और 20 से ज्यादा इंस्टाग्राम अकाउंट्स का जिक्र किया है। हालांकि, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।